LIC Q3 Result: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC (लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) का शुद्ध मुनाफा 31 दिसंबर को खत्म हुई मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कई गुना बढ़कर 8,334.19 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में LIC का मुनाफा 234.91 करोड़ रुपये रहा था। इससे पहले सितंबर तिमाही में बीमा कंपनी ने 15,952 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।। जबकि जून तिमाही में उसने 682.9 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।
एलआईसी का नेट प्रीमियम इनकम दिसंबर तिमाही में 14.5 फीसदी बढ़कर 1.11 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 97,620 करोड़ रुपये रहा था। वहीं बीमा कंपनी का न्यू बिजनेस प्रीमियम बढ़कर 9,724.71 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 8,748.55 करोड़ रुपये रहा था।
LIC का इनवेस्टमेंट से नेट इनकम दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़कर 84,889 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 76,574 करोड़ रुपये रहा था।
एलआईसी के चेयरेमैन एम आर कुमार ने इस मौके पर कहा, "हमने सभी हितधारकों को बेहतर वैल्यू दिलाने के उद्देश्य से पोर्टफोलियो मिक्स को बनाने पर ध्यान देना जारी रखा हैं। इस सदंर्भ में हम नॉन-पार बिजनेस के अनुपात को लगातार और लाभदायक तरीके से बढ़ा रहे हैं।"
इस बीच LIC के शेयर आज 9 फरवरी को 0.53% फीसदी मजबूत होकर 613.50 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी का शेयर करीब 14.20% गिरा है। वहीं लिस्टिंग के बाद से अब तक इसके शेयरों में करीब 29.91% फीसदी की गिरावट आ चुकी है।