Mindtree Q2 Results: मुनाफा 27% बढ़कर 509 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू में आया 31% का उछाल

Mindtree का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में 31.5 फीसदी बढ़कर 3,400.4 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,586.2 करोड़ रुपये था

अपडेटेड Oct 13, 2022 पर 6:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mindtree के शेयर गुरुवार को 0.84% गिरकर 3,318.00 रुपये पर बंद हुए

Mindtree Q2 Results: मझोली साइज की भारतीय आईटी कंपनी माइंडट्री (Mindtree) ने गुरुवार 13 अक्टूबर को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सिंतबर 2022) के वित्तीय नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 27.5 फीसदी बढ़कर 508.7 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में करीब 398.9 करोड़ रुपये था।

Mindtree का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में 31.5 फीसदी बढ़कर 3,400.4 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,586.2 करोड़ रुपये था। कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह जानकारी दी।

तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे और रेवेन्यू में क्रमश: करीब 7.9 फीसदी और 8.9 फीसदी की तेजी आई है। Mindtree के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर, देबाशीष चटर्जी ने बताया, "सितंबर तिमाही में मजबूत प्रजर्शन के साथ हमने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही का शानदार अंत किया है।"


यह भी पढ़ें- Ugar Sugars : इस शुगर स्टॉक ने एक साल में दिया 160% रिटर्न, अब फिर इस वजह से भर रहा उड़ान

उन्होंने कहा, "हमने न सिर्फ 42.21 करोड़ डॉलर का मजबूत रेवेन्यू हासिल किया, जो कॉन्सटेंट करेंसी में क्रमश: 7.2 फीसदी अधिक है। बल्कि हमने कर्मचारियों की सलैरी में बढ़ोतरी के बावजूद अपने EBITDA मार्जिन को 21 प्रतिशत पर बनाए रखा है। इसके साथ ही यह लगातार आठवीं तिमाही है जब हमारी EBITDA मार्जिन 20 फीसदी से अधिक है। वहीं यह लगातार सातवीं तिमाही है, जब हमारा रेवेन्यू ग्रोथ कॉन्सटेंट करेंसी में 5 फीसदी से अधिक रहा है।"

सितंबर तिमाही में माइंडट्री का 12 महीनों का एट्रिशन रेट 24.1 फीसदी रहा, जो इस सेक्टर में सबसे अधिक रेट में से एक है। बता दें कि रिजाइन देकर कंपनी को छोड़ने वाली कर्मचारियों की संख्या की दर को एट्रिशन रेट कहते हैं। माइंडट्री के कुल कर्मचारियों की संख्या 38,290 है।

इस बीच Mindtree के शेयर आज यानी गुरुवार 13 अक्टूबर को एनएसई पर 0.84 फीसदी गिरकर 3,318.00 रुपये के स्तर पर बंद हुए। साल 2022 की शुरुआत से अभी तक कंपनी के शेयरों में करीब 31.48 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों की कीमत करीब 29.27 फीसदी गिरी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।