Nazara Technologies का शुद्ध मुनाफा सितंबर 2023 तिमाही में 53.3 प्रतिशत बढ़कर 24.2 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 15.77 करोड़ रुपये था। गेमिंग और ईस्पोर्ट्स सेगमेंट में मजबूत प्रदर्शन, कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी का अहम कारण रहा। सितंबर तिमाही के दौरान ऑपरेशंस से रेवेन्यू 297.2 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के 263.8 करोड़ रुपये से 12.7 प्रतिशत अधिक है। EBITDA सालाना आधार पर 30 प्रतिशत बढ़कर 27.9 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 21.4 करोड़ रुपये था।
FY24 की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर की बात करें तो Nazara ने टैक्स के बाद लाभ में 42 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की और यह 45 करोड़ रुपये रहा। FY23 की अप्रैल-सितंबर छमाही में मुनाफा 31.7 करोड़ रुपये रहा था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 551.7 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 486.9 करोड़ रुपये था।
तीन वर्टिकल्स में है बिजनेस
Nazara Technologies वर्तमान में तीन प्रमुख क्षेत्रों में काम करती है- गेमिंग (वर्ल्ड क्रिकेट चैम्पियनशिप, किडोपिया, एनिमल जैम, क्लासिक रम्मी आदि), ईस्पोर्ट्स (नोडविन गेमिंग, स्पोर्ट्सकीडा) और विज्ञापन (Datawrkz)। सितंबर 2023 तिमाही के दौरान कंपनी ने एसबीआई म्यूचुअल फंड और Zerodha के को-फाउंडर निखिल कामत से 510 करोड़ रुपये जुटाए। कंपनी को 750 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मिल गई है।
किस वर्टिकल में कैसी परफॉरमेंस
Esports वर्टिकल कंपनी के लिए सबसे बड़ा वर्टिकल बना हुआ है। इस वर्टिकल में सितंबर तिमाही के दौरान Nazara Technologies का रेवेन्यू 172 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 136.6 करोड़ से 26 प्रतिशत ज्यादा है। Nodwin Gaming का रेवेन्यू सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 125.4 करोड़ रुपये रहा, वहीं Sportskeeda के मामले में रेवेन्यू 47 प्रतिशत बढ़कर 41.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। गेमिंग वर्टिकल का रेवेन्यू सितंबर 2023 तिमाही में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 91.67 करोड़ रुपये रहा। हालांकि एडटेक बिजनेस के रेवेन्यू में 37 प्रतिशत की गिरावट देखी गई और यह 22.5 करोड़ रुपये पर आ गया। पिछले साल की समान तिमाही में रेवेन्यू 35.5 करोड़ रुपये रहा था।