PSU banks Q3 Result : पब्लिक सेक्टर के बैंकों ने मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में कुल 29,175 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ कमाया है। यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 65 फीसदी अधिक है। इन बैंकों के बीच बैंक ऑफ महाराष्ट्र (BOM) का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है। दिसंबर तिमाही में BOM का मुनाफा 139 फीसदी की जोरदार उछाल के साथ 775 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह BOM ने पब्लिक सेक्टर के बैंकों के बीच सबसे अधिक प्रॉफिट ग्रोथ दर्ज किया है। इसके अलावा, कोलकाता स्थित यूको बैंक (UCO Bank) दूसरे नंबर पर है जिसने तीसरी तिमाही में 653 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। यह पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के प्रॉफिट से 110 फीसदी अधिक है।
