Reliance Jio Q3 Results: रिलायंस जियो इंफोकॉम का मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2022) में शुद्ध मुनाफा 28.3 फीसदी बढ़कर 4,638 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 3,615 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने शुक्रवार 20 जनवरी को दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करते हुए यह जानकारी दी। बता दें कि रिलायंस जियो, रिलांयस इंडस्ट्रीज के स्वामित्व वाली टेलीकॉम कंपनी है। रिलायंस जियो ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसकी कारोबार से आय सालाना आधार पर 18.9 फीसदी बढ़कर 22,998 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में 19,347 करोड़ रुपये रहा था।
रिलायंस जियो का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) दिसंबर तिमाही में 12,009 करोड़ रुपये रहा, जो इसकी पिछली तिमाही के मुकाबले 4.52 फीसदी अधिक है। वहीं कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन बढ़कर 52.2 फीसदी हो गया, जो इसकी पिछली तिमाही में 51 फीसदी था।
रिलायंस जियो का मौजूदा वित्त वर्ष के पहले 9 महीनों में (अप्रैल-दिसंबर 2022) अबतक शुद्ध मुनाफा 26.75 फीसदी बढ़कर 13,491 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 10,643 करोड़ रुपये रहा था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू पहले 9 महीनों में 20.18% बढ़कर 67,392 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले साल की इसी अवधि में 56,076 करोड़ रुपये रहा था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।