SpiceJet का घाटा सितंबर तिमाही में बढ़कर ₹838 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू में 57% का इजाफा

SpiceJet को सितंबर तिमाही में करीब 260 करोड़ रुपये का नुकसान सिर्फ फॉरेन एक्सचेंज करेंसी लॉस के कारण हुआ है

अपडेटेड Nov 14, 2022 पर 9:07 PM
SpiceJet का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में 57% बढ़कर 2,104.7 करोड़ रुपये रहा

घरेलू एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट (SpiceJet) ने सोमवार 14 नवंबर को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध घाटा बढ़कर 837.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 561.7 करोड़ रुपये था। कुल घाटे में से करीब 260 करोड़ रुपये का नुकसान कंपनी को सिर्फ फॉरेन एक्सचेंज करेंसी लॉस के कारण हुआ है। फॉरेन एक्सचेंज के नुकसान को हटाने पर SpiceJet को सितंबर तिमाही में 577.7 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है। SpiceJet ने एक बयान में बताया, "सितंबर तिमाही के दौरान रुपये की वैल्यू में गिरावट और हवाई ईंधन की कीमत के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से इस तिमाही में उसका घाटा बढ़ा है।"

SpiceJet से पहले इंडिगो की कमाई में गिरावट के पीछे फॉरेन एक्सचेंज लॉस की अहम भूमिका रही थी। हालांकि स्पाइसजेट का रेवेन्यू सितंबर तिमागी के दौरान इंडिगो का करीब छठा हिस्सा रहा है, लेकिन इसका घाटा इंडिगो का आधा है।

SpiceJet के रेवन्यू में 57% का इजाफा

SpiceJet का टोटल रेवेन्यू सितंबर तिमाही में करीब 57 फीसदी बढ़कर 2,104.7 करोड़ रुपये रहा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 1,538.7 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि इस दौरान कंपनी के ऑपरेटिंग खर्च में भी बढ़ोतरी देखी गई और सितंबर तिमाही में यह बढ़कर 2,942.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,100.4 करोड़ रुपये था।


यह भी पढ़ें- Paytm Shares: लॉक-इन पीरियड खत्म होने पर अलीबाबा और एंटफिन को मुनाफा, वॉरेन बफे का डूब सकता है 50% पैसा

सब्सिडियरी SpiceXpress को 21.2 करोड़ का लाभ

सितंबर तिमाही के दौरान SpiceJet की सब्सिडियरी कार्गो कंपनी, स्पाइसएक्सप्रेस (SpiceXpress) ने 21.2 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है और इस दौरान इसका रेवेन्यू 206.1 करोड़ रुपये रहा है।

एक साल में 45.47% SpiceJet के शेयर

इस बीच स्पाइसजेट के शेयर आज एनएसई पर 0.51 फीसदी गिरकर 38.85 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में SpiceJet के शेयरों में करीब 1.17% फीसदी की तेजी आई है। हालांकि पिछले एक साल में इसका भाव करीब 45.47 फीसदी नीचे लुढ़का है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।