Tata Motors Q3 Results : कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स ने आज 25 जनवरी को वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। दिसंबर तिमाही के नतीजों के अनुसार कंपनी घाटे से उबर गई है और उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 2,957.71 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में टाटा मोटर्स को 1,516.14 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। तिमाही के दौरान वाहनों की बिक्री अच्छी रहने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। दिसंबर 2022 तिमाही में टाटा मोटर्स की कामकाजी आय सालाना आधार पर 22.51 फीसदी बढ़ी है। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल आय भी बढ़कर 88,489 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 72,229 करोड़ रुपये रही थी।
