Tata Motors Q4 Results: टाटा मोटर्स का शुद्ध मुनाफा मार्च तिमाही में तीन गुना से भी अधिक बढ़ा है। कंपनी ने शुक्रवार को मार्च तिमाही के नतीजे करते हुए यह जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 222 फीसदी बढ़कर 17,407.18 करोड़ रुपये रहा। बेहतर ऑपरेटिंग लीवरेज, कमोडिटी की अनुकूल कीमतों और सभी सेगमेंट में मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ से कंपनी को अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली। वहीं इसका रेवेन्यू इस दौरान 13 फीसदी बढ़कर 119,986.31 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 105,932.35 करोड़ रुपये था।
टाटा मोटर्स के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर पीबी बालाजी ने बताया, "हमें टाटा मोटर्स के वित्त वर्ष 2024 के नतीजे जारी काफी खुशी हो रहा है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष में अपना अबतक का सबसे अधिक रेवेन्यू, मुनाफा और फ्री कैश फ्लो दर्ज किया है। कंपनी का इंडिया बिजनेस अब पूरी तरह कर्ज से मुक्त है और वित्त वर्ष 2025 में शुद्ध रूप से कर्म मुक्त होने की राह पर है।"
उन्होंने कहा, "सभी सेगमेंट अपनी रणनीतियों को अच्छी तरह से लागू कर रहे हैं। ऐसे में हमें आने वाले सालों में भी कंपनी के शानदार प्रदर्शन के जारी रहने की उम्मीद है।"
टाटा मोटर्स के नतीजे बाजार के अनुमानों से भी अच्छे रहे हैं। मनीकंट्रोल की ओर से 6 ब्रोकिंग फर्मों के बीच कराए गए एक पोल में, एनालिस्ट्स ने मार्च तिमाही में इसका मुनाफा 33 फीसदी बढ़कर 7,084 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था। वहीं इसके रेवेन्यू के 15 फीसदी बढ़कर 1,22,008 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया गया था।
टाटा मोटर्स ने इसके साथ ऑर्डिनरी शेयरों के लिए 6 रुपये और 'A' ऑर्डिनरी शेयरों के लिए 6.20 रुपये के डिविडेंड का भी ऐलान किया है। कंपनी ने कहा कि अभी इस फैसले पर शेयरधारकों से मंजूरी लिया जाना बाकी है।
इस बीच टाटा मोटर्स के शेयर 10 मई को बीएसई पर 1.64 फीसदी की तेजी के साथ 1,047 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस साल की शुरुआत से अबतक टाटा मोटर्स के शेयरों में करीब 32 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में यह अपने निवेशकों को 104 फीसदी का रिटर्न दे चुका है।