Tata Steel Q3 Result : स्टील सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा स्टील (Tata Steel) ने वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही के नतीजों को ऐलान कर दिया है। दिसंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट लॉस अधिक खर्च के चलते 2,501.95 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 9,598.16 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। कंसोलिडेटेड आधार पर कुल इनकम अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 60,842.72 करोड़ रुपये से घटकर 57,354.16 करोड़ रुपये रह गई है। बता दें कि मनीकंट्रोल द्वारा किए गए ब्रोकरेज फर्मों के एक सर्वे के अनुसार दिसंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,146 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद जताई गई थी। इसमें सालाना आधार पर 88 फीसदी और तिमाही आधार पर 24.3 फीसदी की गिरावट का अनुमान था।
