TCS Earnings Preview | जानकारों का मानना है कि दूसरी तिमाही में आईटी कंपनियों के नतीजे अच्छे रहेंगे। गौरतलब है कि भारत की दिग्गज आईटी कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) सोमवार 10 अक्टूबर को 30 सितंबर 2022 को खत्म हुए वित्त वर्ष 2022-23 के दूसरी तिमाही के नतीजे जारी करेगी। मनीकंट्रोल द्वारा कंपनी के नतीजों के अनुमान पर 5 ब्रोकरेज के बीच कराए गए पोल से निकलकर आया है कि जुलाई -सितंबर 2022 की इस तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 5.4 फीसदी की बढ़त के साथ 10,151 करोड़ रुपये पर रह सकता है। इसी तरह कंपनी की कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर 17.2 फीसदी की बढ़त के साथ 54,949 करोड़ रुपये पर रह सकती है।
गौरतलब है कि पिछले वित्त वर्ष के इसी अवधि में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट मुनाफा 9,624 करोड़ रुपये पर रहा था जबकि कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 46,867 करोड़ रुपये पर रही थी। वहीं वर्तमान वित्त वर्ष के अप्रैल -जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 9,478 करोड़ रुपये पर रहा था। जबकि आय 52,758 करोड़ रुपये पर रही थी।
HDFC Securities के मुताबिक अच्छे डील, एग्जिकुशन और कॉन्ट्रैक्टों में मजबूती कंपनी के लिए शुभ संकेत है। यूरोप में तमाम चुनौतियों के बावजूद कंपनी को M&S, Boots, Nokia और Zurich Insurance से भी काफी अच्छे कॉन्ट्रैक्ट मिले है।
जानकारों का यह भी मानना है कि कंपनी के रुपये में होने वाले आय में दूसरी तिमाही में तिमाही दर तिमाही आधार पर 4.1 फीसदी की बढ़त देखने को मिल सकती है। डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट से कंपनी को फायदा होगा। वहीं कॉनस्टेंट करेंसी टर्म में कंपनी के कारोबार में तिमाही आधार पर 3.5 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का कहना है कि टीसीएस को BFSI, हेल्थकेयर और रिटेल सेक्टर से बढ़ती मांग और डिजिटल टेक्नोलॉजी केबढ़ते प्रसार का फायदा मिलेगा। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और जेफरीज दोनों का मानना है कि दूसरी तिमाही में टीसीएस की एबिटडा मार्जिन 1.6 फीसदी पर रह सकती है। जबकि Elara का मानना है कि कंपनी की एबिटडा मार्जिन 23.5 फीसदी पर रह सकती है।
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को टीसीएस का बोर्ड दूसरे अंतरिम लाभांश का भी ऐलान करेगा जिसपर बाजार की नजर रहेगी। यह भी बताते चलें कि वर्तमान वित्त वर्ष की पहली छमाही में FII की बिकवाली के चलते 2022 में अब तक टीसीएस में 20 फीसदी की गिरावट आई है। 26 सितंबर को इस स्टॉक ने 2926 रुपये का अपना 52 वीक लो छुआ था। नतीजों के पहले यह स्टॉक लाल निशान में नजर आ रहा है।