Ujjivan SFB Q1 Results: बेंगलुरु मुख्यालय वाले उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक (Ujjivan Small Finance Bank) का शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में बढ़कर 324 करोड़ रुपये हो गया। यह किसी भी एक तिमाही में बैंक की ओर दर्ज किया गया अबतक का सबसे अधिक मुनाफा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में बैंक का मुनाफा 202 करोड़ रुपये था। उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) जून तिमाही में 32 फीसदी बढ़कर 793 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 600 करोड़ रुपये था। हालांकि इसका नेट इंटरेस्ट मार्जिन 9.6% से 0.40 फीसदी गिरकर 9.2 फीसदी पर आ गया।
जून तिमाही में बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ है। इसका ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (Gross NPA) एक साल पहले की इसी अवधि में 6.51 प्रतिशत से घटकर 2.62 प्रतिशत हो गया। वहीं इसका नेट एनपीए (Net NPA) 0.11 प्रतिशत से गिरकर 0.06 प्रतिशत पर आ गया।
उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक का एडवांसेज सभी सेगमेंट में मोट तौर पर स्थिर रहा है। बैंक का माइक्रो ग्रुप लोन 31 प्रतिशत बढ़कर 14,819 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 11,297 करोड़ रुपये था।
बैंक का MSME कारोबार एक साल पहले की तिमाही के 1,767 करोड़ रुपये से 15 प्रतिशत घटकर 1,508 करोड़ रुपये रह गया। वहीं किफायती आवास सेगमेंट का एडवांसेज 26 प्रतिशत उछलकर 3,671 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक के शेयर गुरुवार 27 जुलाई को एनएसई पर 3.40 फीसदी की तेजी के साथ 44.10 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 15.60 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को 129.69 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।