UltraTech Cement Q2 Result: मांग में सुस्ती से कंपनी का मुनाफा 42% गिरा, रेवेन्यू में 16% का इजाफा

UltraTech Cement का शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में 42 फीसदी घटकर 759 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,310 करोड़ रुपये रहा था

अपडेटेड Oct 19, 2022 पर 3:46 PM
UltraTech Cement का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 16% बढ़कर 13,893 करोड़ रुपये रहा
     
     
    live
    Volume
    Todays L/H
    Details

    देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (UltraTech Cement Limited) का शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में 42 फीसदी घट गया। कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 42 फीसदी घटकर 759 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 1,310 करोड़ रुपये रहा था। UltraTech Cement ने बुधवार 19 अक्टूबर को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2022) के नतीजे घोषित किए।

    तिमाही आधार पर अल्ट्राटेक सीमेंट के मुनाफे में 52 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। जून तिमाही में इसका शुद्ध मुनाफा 1,582 करोड़ रुपये रहा था।

    हालांकि कंपनी के रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सितंबर तिमाही में अल्ट्राटेक सीमेंट का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 13,893 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 12,017 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर तुलना करें तो रेवेन्यू 8 फीसदी कम रहा है क्योंकि जून तिमाही में यह 15,164 करोड़ रुपये रहा था।


    अल्ट्राटेक सीमेंट का रेवेन्यू बाजार के अनुमानों से अधिक रहा है। हालांकि शुद्ध मुनाफे के मोर्च पर इसके नतीजे अनुमानों से काफी कम रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- Dhanteras 2022 Gold Prices: धनतेरस के दिन कितना रहेगा सोने का भाव, बाजार में कैसी रहेगी हलचल, यहां जानें

    मांग में सुस्ती का असर

    सीमेंट सेक्टर के लिए आमतौर पर दूसरी तिमाही कमजोर मांग वाला सीजन रहता है। इस दौरान भारत के अधिकतर हिस्से में मानसून के चलते बारिश का सीजन रहता है, जिसके चलते निर्माण गतिविधियां कम होती है और सीमेंट की बिक्री पर इनका सीधा असप पड़ता है। कंपनी ने बताया कि जुलाई और अगस्त महीने के दौरान मांग सुस्त रही थी। हालांकि सितंबर महीने से इसमें तेजी देखी गई है।

    इनपुट लागत बढ़ी

    कंपनी के मुनाफे में गिरावट की मुख्य वजह कम रियलाइजेशन और एनर्जी की कीमतों में बढ़ोतरी रही, जिसका असर इसके कारोबारी प्रदर्शन पर पड़ा। कंपनी की कुल ऑपरेशन लागत का 37 फीसदी हिस्सा एनर्जी की कीमतों से जुड़ा है। सितंबर तिमाही में कंपनी की एनर्जी लागत सालाना आधार पर 58 फीसदी बढ़कर 1,731 रुपये प्रति टिन रही।

    एनर्जी लागत में बढ़ोतरी के पीछे एक बड़ी वजह ब्लेंडेड फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी रही। सितंबर तिमाही में ब्लेंडेड फ्यूल की कीमतें 200 डॉलर प्रति टन रहीं, जो इसके पिछले साल की इसी अवधि में 120 डॉलर प्रति टन थीं। कंपनी का पेट कोक का कंज्म्पशन सितंबर तिमाही में बढ़कर 40 फीसदी रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि में 19 फीसदी था।

    इस बीच अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर आज एनएसई पर 1.00 फीसदी बढ़कर 6,410.00 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों में 1.15 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले एक साल में इसका भाव करीब 10.09 फीसदी लुढ़का है।

    हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।