Meta India : मेटा इंडिया (पुराना नाम फेसबुक) के वीपी और एमडी अजीत मोहन (Ajit Mohan) ने अचानक इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से 3 नवंबर, 2022 से लागू हो गया है। मोहन के अचानक हुए इस्तीफे की वजह नहीं बताई गई है, लेकिन खबरों में दावा किया गया है कि वह स्नैप (यानी Snapchat) से जुड़ने जा रहे हैं।
अजीत मोहन जनवरी, 2019 में फेसबुक से जुड़े थे और उन्हें फेसबुक इंडिया (Facebook India) का मैनेजिंग डायरेक्टर बना दिया गया था। Facebook की बाद में मेटा (Meta) के रूप में रिब्रांडिंग कर दी गई थी।
कंपनी ने इस घटनाक्रम की पुष्टि कर दी है। मेटा में ग्लोबल बिजनेस ग्रुप की वाइस प्रेसिडेंट निकोला मेंडेलसन (Nicola Mendelsohn) ने बयान में कहा, अजीत ने कंपनी के बाहर एक अन्य अवसर के लिए मेटा में अपने पद को छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने पिछले चार वर्षों में भारत में हमारे ऑपरेशन को आकार देने और बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, ताकि करोड़ों भारतीय व्यवसायों, भागीदारों और लोगों की सेवा की जा सके।
अजीत मोहन जनवरी, 2019 में हॉटस्टार से मेटा में शामिल हुए थे, जिसे पहले फेसबुक के नाम से जाना जाता था।
मेंडेलसन ने कहा, “हम भारत के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और हमारे पास अपने सभी कार्यों तथा साझेदारियों को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत टीम है। हम अजीत के नेतृत्व और योगदान के लिए आभारी हैं और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”