Elon Musk : ट्विटर जल्द ही अमेरिका में अपनी ट्विटर ब्लू सर्विस (Twitter Blue service) के लिए हर महीने 8 डॉलर (662 रुपये) लेना शुरू कर देगी। इसके जरिये वह अपने सब्क्राइबर्स को बेहद प्रतिष्ठित माना जाने वाला “वेरिफाइड” बैज देगी। Elon Musk ने ‘ब्लू टिक’ के लिए मंथली सब्सक्रिप्शन फी देने पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। वह इन दिनों सब्सक्रिप्शन को बढ़ावा देने और सोशल मीडिया को विज्ञापनों पर कम निर्भर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
एलॉन मस्क ने ट्विटर पर ब्लू टिक के साथ 'वेरिफाइड' होने के लिए लागू मौजूदा व्यवस्था की आलोचना की। मस्क ने मंगलवार को ट्वीट किया, “Twitter का मौजूदा ब्लू चेकमार्क देने का सिस्टम बकवास है। लोगों को ताकत दीजिए। 8 डॉलर प्रति माह पर ब्लू दीजिए।”
रिप्लाई, मेंशन और सर्च में मिलेगी प्राथमिकता
मस्क ने कहा कि 8 डॉलर सब्सक्रिप्शन फी को “देश की अनुपातिक परचेजिंग पावर के आधार पर एडजस्ट किया जाएगा।”
मस्क ने वेरिफिकेशन बैज के अलावा Twitter Blue service से जुड़ी अन्य सुविधाओं के बारे में भी बताया। मस्क ने कहा कि सब्सक्राइबर्स को “रिप्लाई, मेंशन और सर्च में प्राथमिकता मिलेगी।” इससे स्पैम और बोट्स को मात देने में मदद मिलेगी।
लंबे वीडियो और ऑडियो कर सकेंगे पोस्ट
8 डॉलर प्रति माह के पेमेंट से यूजर्स लंबे वीडियो और ऑडियो पोस्ट कर सकेंगे। वे मुफ्त में ट्विटर का इस्तेमाल करने वाले लोगों की तुलना में आधे ही ऐड देख पाएंगे।
मस्क ने कहा कि इस सिस्टम के जरिये रेवेन्यू बढ़ने से ट्विटर को कंटेंट क्रिएटर्स को रिवार्ड देना संभव होगा। प्रस्तावित 'blue tick fee' को लेकर कई लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नाराजगी जाहिर की है, लेकिन मस्क नरम पड़ने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
मस्क ने नई Twitter Blue service के फायदे गिनाने के बाद जल्द ही ट्वीट किया, “सभी शिकायत करने वालों, शिकायत करते रहिए लेकिन 8 डॉलर देने होंगे।”