NTPC group of companies : सरकार के स्वामित्व वाली एनटीपीसी लि. ने इस वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 21.7 फीसदी ग्रोथ के साथ 104.4 अरब यूनिट बिजली पैदा की है। वहीं बीते साल समान तिमाही में 85.5 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन किया था। एनटीपीसी ने सोमवार, 4 जुलाई को एक बयान के जरिये यह बात कही।
जून, 2022 में बिजली उत्पादन 34.8 अरब यूनिट रहा, जो जून, 2021 के 26.9 अरब यूनिट से 29.3 फीसदी ज्यादा था। कंपनी ने कहा कि इससे उसके प्रदर्शन में सुधार और मौजूदा साल में बिजली की मांग में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं।
तलचर प्लांट का सबसे अच्छा प्रदर्शन
ओडिशा में एनटीपीसी तलचर कनिहा (3000 मेगावाट) अप्रैल से जून, 2022 के दौरान 94.2 फीसदी प्लांट लोड फैक्टर (PLF या क्षमता इस्तेमाल) के साथ सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला थर्मल पावर प्लांट रहा।
अप्रैल से जून के दौरान एनटीपीसी के कोल स्टेशंस का कुल प्लांट लोड फैक्टर 80 फीसदी रहा, जबकि बीते साल समान अवधि में यह आंकड़ 69 फीसदी रहा था। यह उसकी परिचालन उत्कृष्टता और पावर प्लांट्स के ऑपरेशन और रखरखाव में विशेषज्ञता का पता चलता है।
एनर्जी कॉम्पैक्ट गोल घोषित करने वाली पहली ऊर्जा कंपनी
NTPC इन दिनों ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट से एनर्जी उत्पादन और ई-मोबिलिटी जैसे नए कारोबारी क्षेत्रों में पैठ बढ़ा रही है।
कंपनी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी यूएन हाई लेवल डायलॉग ऑन एनर्जी (HLDE) के तहत अपने एनर्जी कॉम्पैक्ट गोल्स घोषित करने वाली पहली एनर्जी कंपनी बन गई है।
कारोबार में विविधता ला रही है कंपनी
इसके अलावा NTPC हाइड्रो, विंड और सोलर और ग्रीन हाइड्रोजन सॉल्यूशंस जैसे क्लीनर और ग्रीनर सोर्सेज के जरिए ऊर्जा उत्पादन में विविधता ला रही है। बिजली कंपनी फ्यूल सेल्स, ई-मोबिलिटी और वेस्ट से एनर्जी बनाने के विभिन्न कारोबार में भी उतर चुकी है।