Zomato share price : जोमैटो के शेयर में लगातार छठे दिन बिकवाली जारी रही और सोमवार, 4 जुलाई को शेयर 3 फीसदी से ज्यादा गिरकर बीएसई पर इंट्रा डे में 54.05 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। दोपहर 1.10 बजे शेयर 3.40 फीसदी कमजोर होकर 54.25 रुपये पर कारोबार कर रहा है। 4,447 करोड़ रुपये Blinkit (पूर्व नाम ग्रोफर्स) को खरीदने के ऐलान बाद से फूड एग्रीगेटर कंपनी के स्टॉक में गिरावट जारी है।
24 जून को किया ब्लिंकिट डील का ऐलान
जोमैटो के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 24 जून, 2022 को नकदी की तंगी से जूझ रही ब्लिंकिट (Blinkit) के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी थी। इस डील के ऐलान के बाद जोमैटो का शेयर 70.50 रुपये से गिरकर लगभग 55 रुपये पर आ गया है। इस प्रकार लगातार 6 सेशंस में शेयर 20 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है।
ऑल टाइम हाई से 67 फीसदी नीचे है शेयर
जोमैटो की शेयर प्राइस हिस्ट्री पर गौर करें तो शेयर इस साल यानी 2022 में लगभग 62 फीसदी टूट चुका है। बीते साल जुलाई में लिस्टिंग से अभी तक लगभग 57 फीसदी कमजोर हो चुका है। शेयर ने नवंबर के मध्य में अपना 169 रुपये का ऑल टाइम हाई छूआ था। इस प्रकार शेयर अपने ऑल टाइम हाई से 67 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है।
इन कंपनियों को खरीदने का किया था ऐलान
जोमैटो के बोर्ड ने 24 जून को 4,447 करोड़ रुपये में क्विक कॉमर्स कंपनी ब्लिंकइट (Blinkit) के अधिग्रहण की मंजूरी दे दी। इसके अलावा जोमैटो की रेस्टोरेंट सप्लाई सब्सिडियरी हाइपरप्योर (Hyperpure) भी 60.7 करोड़ रुपये में हैंड्स ऑन ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड (Hands on Trade Private Limited) की वेयरहाउस और एंसिलिरी सर्विसेज बिजनेस का अधिग्रहण करेगी।
ब्लिंकिट के अधिग्रहण डील की वैल्यू शुरुआत में 70 करोड़ डॉलर होने का अनुमान लगाया गया था। हालांकि जोमैटो के शेयरों में आई गिरावट के चलते मौजूदा एक्सचेंज रेट पर इस डील का साइज घटकर 56.8 करोड़ डॉलर रह गया।
जोमैटो के सीईओ दीपिंदर गोयल ने कहा था, "क्विक कॉमर्स सेगमेंट पिछले करीब एक साल से हमारी रणनीति में प्रमुखता से शामिल रहा है। हम देख रहे हैं कि भारत सहित दुनिया भर में यह सेगमेंट तेजी से बढ़ा रहा है। ग्राहकों भी ग्रॉसरी और दूसरी जरूरी वस्तुओं की तेज डिलीवरी पाकर काफी खुश हैं।"