Credit Cards

फाल्गुनी नायर ने 50 की उम्र में शुरू की थी Nykaa, आज $6.5 अरब की संपत्ति की मालकिन, सबसे अमीर महिला अरबपति

Nykaa की सीईओ फाल्गुनी नायर अब लगभग 6.5 अरब डॉलर की मालकिन बन गई हैं

अपडेटेड Nov 10, 2021 पर 9:16 PM
Story continues below Advertisement

दलाल स्ट्रीट पर बुधवार 10 नवबंर को धमाकेदार एंट्री करने वाली नायका (Nykaa), देश की इकलौती ऐसी यूनिकॉर्न कंपनी है, जिसकी अगुआई एक महिला कर रही हैं। यूनिकॉर्न उन कंपनियों को कहते हैं, जिनकी मार्केट वैल्यू 1 अरब डॉलर से अधिक पहुंच गई हो। Nykaa शेयर बाजार में बुधवार को अपने आईपीओ प्राइस से करीब 79 पर्सेंट अधिक प्रीमियम पर लिस्ट हुई। इसके साथ ही न सिर्फ कंपनी की मार्केट वैल्यू 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई, बल्कि इसने अपनी CEO और फाउंडर फाल्गुनी नायर (Falguni Nayar) की नेट वर्थ को भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। 58 वर्षीय फाल्गुनी नायर अब भारत की सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिला अरबपति बन गई हैं।

AFP की एक रिपोर्ट के मुताबिक फाल्गुनी नायर अब दुनिया की सबसे अमीर लोगों में से एक है। साल 2012 में Nykaa की स्थापना करने वाली फाल्गुनी नायर अब ब्लूमबर्ग के इंडिया बिलेनियर्स इंडेक्स में शामिल हो गई। खास बात यह है कि इस इंडेक्स में नायर के अलावा सिर्फ छह अन्य महिला अरबपति शामिल हैं।

Nykaa IPO Listing: नायका से निवेशकों की बंपर कमाई, अब मुनाफा बुक करें या होल्ड करें, जानिए क्या हो रणनीति




नेशलन स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर अपनी कंपनी के लिस्टिंग से पहले फाल्गुनी नायर ने कहा, "मैंने नायका को 50 साल की उम्र में शुरू किया था। उस वक्त मुझे कारोबार को लेकर कोई अनुभव नहीं था। मुझे उम्मीद है कि Nykaa का सफर आप में से प्रत्येक को अपने जीवन का नायक बनने के लिए प्रेरित कर सकता है।" ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फाल्गुनी नायर के पास Nykaa के करीब 50 पर्सेंट शेयर हैं, जिनकी वैल्यू इस समय 6.5 अरब डॉलर हैं। नायका के शेयर बुधवार को लिस्टिंग के बाद करीब 89 पर्सेंट की उछाल के साथ कारोबार कर रहे थे।

Nykaa के शेयरों ने बुधवार, 10 नवंबर को दलाल स्ट्रीट पर एक शानदार शुरुआत की। Nykaa के शेयर बीएसई पर 2,001 रुपये पर लिस्ट हुए, जो आईपीओ के लिए तय ऊपरी प्राइस बैंड से करीब 77.87 प्रतिशत अधिक या प्रीमियम था। वहीं NSE पर, Nykaa के शेयर ने 79.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,018 रुपये पर शुरुआत की। इसके साथ ही नायका की पैरेंट कंपनी, FSN ई-कॉमर्स, भारतीय शेयर बाजार में एंट्री करने वाली भारत की पहली महिला-नेतृत्व वाली यूनिकॉर्न कंपनी बन गई है।

Geojit के पसंदीदा लॉर्जकैप स्टॉक, जिनमें मिल सकता है 38% तक रिटर्न

फाल्गुनी नायर को 2012 में Nykaa को शुरू करने का विचार आया था। उस समय उनकी उम्र 50 साल से कुछ ही महीने कम थे। Nykaa का उद्देश्य देश में महिलाओं और पुरुषों को ऑनलाइन सौंदर्य उत्पाद उपलब्ध कराना था। उस समय अधिकतर भारतीय सौंदर्य उत्पादों को खरीदने के लिए पड़ोस की छोटी दुकानों पर निर्भर थे। नायक के लॉन्च के साथ सौंदर्य और स्किन केयर से जुड़े उत्पाद अब बस फोन पर एक क्लिक दूर थे। इसके साथ नायका ने कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स को अपने प्लेटफॉर्म पर लाई और अपने कैटेगरी में लगातार बढ़ोतरी की। कई कैटगरी में मौजूद विकल्प या उत्पादों को तो पहली बार Nykaa पर ही देखा गया।

Nykaa आज भारत की सबसे बड़ी ब्यूटी और पर्सनल केयर ऑनलाइन मार्केट प्लेस है। वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने 1.71 करोड़ ऑर्डर डिलीवर किए थे। देश भर के 40 शहरों में Nykaa के करीब 80 ऑफलाइन स्टोर हैं। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का रेवेन्यू 35 पर्सेंट बढ़कर 2,441 करोड़ रुपये (33 करोड़ डॉलर) पर पहुंचा था और इसने 61.9 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हासिल किया था। मार्च के अंत तक कंपनी की मोबाइल ऐप्स के लगभग 4.37 करोड़ डाउनलोड हुए थे। इसकी ऑनलाइन ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू में मोबाइल ऐप्स के जरिए होने वाली खरीदारी का 86 प्रतिशत से अधिक योगदान है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।