मुंबई के लोकप्रिय फाइव स्टार होटल्स में शामिल हयात रीजेंसी को स्टाफ को सैलरी नहीं देने के कारण बंद किए जाने से एक सप्ताह पहले इसके मालिकों ने बैंक लोन चुकाने पर डिफॉल्ट किया था। होटल ने 7 जून को ऑपरेशंस बंद करने की जानकारी दी थी। डिफॉल्ट में एक कार लोन की ईएमआई भी शामिल है।
इस होटल की मालिक दिल्ली की एशियन होटल्स (वेस्ट) हैं जिसके प्रमोटर सुशील कुमार गुप्ता हैं। होटल मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है।
स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी के अनुसार, एशियन होटल्स (वेस्ट) ने यस बैंक से टर्म लोन के तौर पर लिए गए 4.32 करोड़ रुपये के प्रिंसिपल और इंटरेस्ट को नहीं चुकाया है। कंपनी पर कुल कर्ज 262.54 करोड़ रुपये का है।
BSE को दिए गए क्लैरिफिकेशन में कहा गया है, "यस बैंक से लिए गए लोन के प्रिंसिपल और इंटरेस्ट को लेकर आपको यह जानकारी दी जाती है कि कंपनी ने इस पर डिफॉल्ट किया है। इसका कारण कोरोना से कंपनी को हुआ भारी नुकसान है।"
एशियन होटल्स (वेस्ट) के पास राजधानी में एक अन्य प्रॉपर्टी JW Marriott Aerocity है।