अनिल अंबानी (Anil Ambani) के रिलायंस ग्रुप (Reliance Group) के प्रमुख अधिकारी और कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन मामलों के बेहतरीन पेशेवर टोनी जेसुदासन (Tony Jesudasan) का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह 71 साल के थे। PTI के मुताबिक, सूत्रों ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में जेसुदासन को भोपाल से फ्लाइट लेते समय दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें दिल्ली पहुंचने पर फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।
इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया। सूत्रों ने कहा कि सोमवार सुबह करीब पांच बजे उनका निधन हो गया। तब तक वह क्रिटिकल केयर यूनिट में रहे। उनके परिवार में पत्नी पारुल शर्मा और बेटी प्रीतिका हैं।
जेसुदासन, को उनके दोस्त TJ कह कर भी पुकारते थे। जेसुदासन रिलायंस-एडीएजी (R-ADAG) के कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन और कॉरपोरेट मामलों के ग्रुप प्रेसिडेंट थे।
जेसुदासन ने FMS, दिल्ली से MBA की पढ़ाई की थी। उन्हें धीरूभाई अंबानी ने 1990 में तत्कालीन अविभाजित रिलायंस में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। धीरूभाई के निधन के बाद, जब भाई मुकेश और अनिल अलग हो गए, तो उन्होंने छोटे भाई के साथ जाने का फैसला किया। वह दिल्ली में अनिल अंबानी के सबसे भरोसेमंद अधिकारी बने रहे।
TJ को अनिल अंबानी का सबसे बड़ा संकटमोचक माना जाचा था। जेसुदासन के बारे में कहा जाता है कि कितना भी बड़ा दबाव क्यों न हो, वे बड़े ही धैर्य और शांति से सोचते थे। उनके पास काम करने की दुर्लभ क्षमता थी। उनके राजनीतिक गलियारे, बिजनेसमैन और मीडिया में लंबे समय तक संबंध थे।