Reliance AGM 2023: रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) की 46वीं एन्युअल जनरल मीटिंग (AGM) इस हफ्ते बाजार का रुख तय कर सकती है। निवेशकों को इस AGM में कई अहम ऐलान की उम्मीद है। कंपनी की AGM 28 अगस्त को होगी। कुछ ही समय पहले ही जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (Jio Financial Services) की लिस्टिंग हुई है। साथ ही, कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (Qatar Investment Authority) ने रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) में हिस्सेदारी खरीदी है।
पिछले कुछ साल से रिलायंस इंडस्ट्रीज की AGM में कारोबारी ग्रुप की नई इकाइयों के बारे में ज्यादा चर्चा होती है। हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू में अभी भी ऑयल टू केमिकल (O2C) सेगमेंट की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। पिछले साल की AGM में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने ऐलान किया था कि दिसंबर 2023 तक देश भर में जियो की 5जी सर्विस शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा, साल 2021 की AGM में कंपनी ने गूगल (Google) को माइनरिटी इनेस्टर के तौर पर शामिल करने का ऐलान किया था।
हम आपको बता रहे हैं कि इस साल की AGM से क्या उम्मीदें हैं:
निवेशकों को इस साल की AGM में RIL के टेलीकॉम और रिटेल डिवीजन के IPO के बारे में ऐलान का इंतजार है। कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने पिछले साल की AGM में बताया था कि अगले साल की AGM में वह जियो और रिटेल IPO के बारे में कुछ अहम जानकारी उपलब्ध कराएंगे। जियो के पास पहले से ही Google (गूगल), जनरल अटलांटिक (General Atlantic), अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (Abu Dhabi Investment Authority) और मेटा (Meta) जैसे बड़े निवेशक हैं। रिलायंस रिटेल वेंचर्स के निवेशकों में कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA), केकेआर (KKR), सिल्वर लेक पार्टनर्स (Silver Lake Partners) आदि शामिल हैं।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFS)
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (रिलायंस स्ट्रैटेजिक इनवेस्टमेंट) की लिस्टिंग पिछले हफ्ते की बड़ी घटना रही। एनालिस्ट्स और इनवेस्टर्स को उम्मीद है कि AGM से यह पता चलेगा कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी के तौर पर किन क्षेत्रों में एंट्री कर सकती है। कंपनी ने फिलहाल म्यूचुअल फंड कंपनी बनाने के लिए ब्लैकरॉक (Blackrock) के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है। इस पार्टनरशिप के तहत शुरुआत में 30 करोड़ डॉलर निवेश करने का लक्ष्य है।
5G, जियो एयरफाइबर (Jio AirFiber)
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी सालाना रिपोर्ट में दिसंबर 2023 तक देश भर में 5जी सर्विसेज पेश करने का लक्ष्य दोहराया है। कंपनी की AGM में इस सिलसिले में और जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है। साथ ही, 5जी के आकर्षक प्रीपेड प्लान के बारे में ऐलान हो सकता है। इसके अलावा, शेयर बाजार यह भी जानने को उत्सुक है कि क्या जियोभारत (JioBharat) 4जी फोन की तरह जियो 5जी स्मार्टफोन के लिए भी कोई योजना पेश की जाएगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछली AGM में जियोएयरफाइबर (JioAirFiber) का ऐलान किया था, जो बिना वायर के 5जी की स्पीड मुहैया कराती है। हालांकि, अभी यह डिवाइस खरीद के लिए उपलब्ध नहीं है। उम्मीद की जा रही है कि इस AGM में जियोएयरफाइबर के लॉन्च की तारीख का ऐलान किया जा सकता है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अगले 3 साल में न्यू एनर्जी बिजनेस में 10 अरब डॉलर के निवेश का वादा किया है। कंपनी का इरादा साल 2035 तक नेट जीरो कार्बन का लक्ष्य तय करना है। लिहाजा, न्यू एनर्जी बिजनेस से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स के बारे में भी अपडेट इस बैठक में मुहैया कराए जा सकते हैं। साथ ही, AGM में इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने और इनसे होने वाली अनुमानित कमाई के बारे में जानकारी दी जा सकती है।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स का एक्सपैंशन
रिलायंस रिटेल ने टीरा (Tira ) और यूस्ता (Yousta) जैसे न्यू फॉर्मैट स्टोर के जरिये अलग-अलग कंज्यूमर्स तक पहुंचने के लिए आक्रामक प्लान तैयार किया है। कंपनी ने अपने एफएमसीजी (FMCG) ब्रांड 'इंडिपेंडेंस' ( 'Independence') का भी उत्तर भारत में विस्तार किया है। जानकारों को उम्मीद है कि रिलायंस रिटेल वेंचर्स ( RRVL) ई-कॉमर्स और अधिग्रहण पर फोकस करेगी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर इशा अंबानी (Isha Ambani) इस मोर्चे पर अहम ऐलान कर सकती हैं।
डिस्क्लोजर : मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट के पास है। रिलायंस इंडस्ट्रीज इस ट्रस्ट की एकमात्र लाभार्थी है।