Tata group offer for Bisleri: टाटा ग्रुप ने भारत की सबसे बड़ी पैकेज्ड वाटर कंपनी बिस्लेरी इंटरनेशनल (Bisleri International) में स्टेक खरीदने के लिए ऑफर पेश किया है। एक एग्जीक्यूटिव ने बताया, टाटा ग्रुप ने बिस्लेरी के सामने हिस्सेदारी खरीदने का ऑफर रखा है, जिसे वह बाद में बढ़ाना चाहता है।
इकोनॉमिक टाइम्स के हवाले से 12 सितंबर को इससे जुड़ी रिपोर्ट सामने आई है। एग्जीक्यूटिव ने कहा, “इस डील से टाटा ग्रुप को एंट्री लेवल, मिड सेगमेंट और प्रीमियम पैकेज वाटर कैटेगरी सहित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर में बड़ा बाजार हासिल होगा। इसके साथ बल्क वाटर डिलिवरी के अलावा उसकी होटलों, रेस्टोरेंट और एयरपोर्ट्स सहित रिटेल स्टोर, केमिस्ट चैनल, इंस्टीट्यूशनल चैनल्स में पैठ बढ़ेगी, क्योंकि बिस्लेरी मिनरल वाटर की इन सभी चैनल्स में मौजूदगी है।”
रमेश चौहान की कौन सी योजना बनी वजह
रिपोर्ट के मुताबिक, बिस्लेरी के मालिक रमेश चौहान (Bisleri owner Ramesh Chauhan) की उत्तराधिकार योजना भी हिस्सेदारी कम करने की वजह है। मनीकंट्रोल स्वतंत्र रूप से इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं कर सका।
आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, बिस्लेरी के 150 से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं और पूरे भारत में 5,000 ट्रकों के साथ 4,000 से ज्यादा डिस्ट्रीब्यूटर्स का एक नेटवर्क है।
20 हजार करोड़ का है पैकेज्ड वाटर का बाजार
देश में पैकेज्ड वाटर का मार्केट 20,000 करोड़ रुपये का है, जिसमें से 60 फीसदी असंगठित है। बिस्लेरी की संगठित बाजार में 32 फीसदी हिस्सेदारी है।
सीधे कंज्यूमर्स तक प्रोडक्ट्स की डिलिवरी के लिए उसका अपना ऐप Bisleri@Doorstep है, जिसमें 250 मिली से 1 लीटर की बोतलों के अलावा 20 लीटर के बल्क बैक भी शामिल हैं।