वीजा स्टील के शेयर में आज शानदार तेजी देखने को मिली। कंपनी ने अपनी जेवी फर्म वीजा बाओ के मर्जर के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मांगी है जिससे शेयर में खरीदारी देखने को मिली। मर्जर से लागत में कमी आएगी और फेरो क्रोम बिजनेस के लिए कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। वीजा बाओ, वीजा स्टील और चीन की कंपनी बाओस्टील का ज्वाइंट वेंचर है। कंपनी में वीजा स्टील की 65 फीसदी हिस्सेदारी।
जीवीके पावर के शेयर में भी आज शानदार तेजी दिखी। कंपनी ने लोन और गारंटी की अधिकतम सीमा बढ़ाने के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मांगी है जिससे शेयर में खरीदारी देखने को मिली। कंपनी की लोन की अधिकतम सीमा 10 हजार करोड़ से बढ़ाकर 15 हजार करोड़ करना चाहती है।
ब्रोकरेज के लक्ष्य बढ़ाए जाने के बाद आज यस बैंक में अच्छी तेजी देखने को मिली। मैक्वारी ने बैंक के लिए लक्ष्य 17 फीसदी बढ़ाकर 1325 रुपये कर दिया है। बैंक को हाल में भी 1 अरब डॉलर का कैपिटल जुटाने के लिए बोर्ड की मंजूरी मिली है। मैक्वारी का कहना है कि इससे ज्यादा चिंता की बात नहीं है। ब्रोकरेज का कहना है कि तेज ग्रोथ के लिए बैंक को कैपिटल की जरूरत है।
सोलार इंडस्ट्रीज में आज शानदार तेजी दिखी है। वजह ये है कि कंपनी को सिंगरेनी कोलियरीज से करीब 450 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी को यह ऑर्डर 1 लाख 64 हजार मेट्रिक टन विस्फोटक की आपूर्ति के लिए मिला है। कंपनी ये ऑर्डर इस वित्त वर्ष 2016-17 और 2017-18 में पूरा करेगी।
लॉजिस्टिक शेयर
मॉनसून सत्र में जीएसटी पास होने की उम्मीद बढ़ने से लॉजिस्टिक शेयरों में लगातार तेजी देखी जा रही है। वित्त मंत्री के अलावा जीएसटी पर बनी इम्पावर्ड कमिटी के अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री अमित मित्रा ने बिल को पास कराने की कोशिशें तेज कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक सरकार बिल पर कांग्रेस की कुछ मांगों को मान सकती है। इंटर स्टेट टैक्स और जीएसटी की दर को संविधान संशोधन बिल में शामिल करने को लेकर सरकार अपना रवैया नरम कर सकती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।