अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता लिमिटेड (Vedanta Ltd.) एक व्यापक रिस्ट्रक्चरिंग में कारोबार को कई लिस्टेड एंटिटीज में बांटने के लिए एक सौदे के करीब है। अगर यह सौदा हो जाता है तो अनिल अग्रवाल को मेटल से लेकर एनर्जी तक में फैले अपने वेदांता समूह के कर्ज को मैनेज करने में मदद मिल सकती है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से कहा गया है कि वेदांता ने अपने ऋणदाताओं को रिस्ट्रक्चरिंग के बारे में सूचित कर दिया है और आने वाले दिनों में योजनाओं की घोषणा कर सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि एल्युमीनियम, तेल और गैस, लौह अयस्क और स्टील सहित व्यवसायों को अलग से सूचीबद्ध किया जाएगा। वेदांता लिमिटेड की मूल कंपनी वेदांता रिसोर्सेज, होल्डिंग कंपनी बनी रहेगी। जानकारों के मुताबिक, विचार-विमर्श जारी है और अभी तक विलय की संरचना या समय पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
