भारत ने शुक्रवार को एक दिन में दो करोड़ से ज्यादा Covid-19 वैक्सीन लगाकर एक नया कीर्तिमान बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (Narendra Modi Birthday) पर वैक्सीनेशन (Vaccination) को लेकर चलाए गए अभियान से आज ये सफलता हासिल की गई। Co-Win पोस्ट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शाम पांच बजकर 10 मिनट तक देशभर में कुल 2,00,41,136 वैक्सीन की खुराक दी गईं। देश में अब तक कुल 78.68 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। एक महीने से भी कम समय में चौथी बार एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाई गई।
इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश ने अब तक सबसे तेज एक करोड़ वैक्सीन की खुराकें देने का आंकड़ा पार कर लिया है।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर देश ने दोपहर 1:30 बजे तक अब तक सबसे तेज, एक करोड़ खुराकें देने का आंकड़ा पार कर लिया है और हम निरंतर आगे बढ़ रहे है। मुझे विश्वास है की आज हम सब वैक्सीनेशन का नया कीर्तिमान बना प्रधानमंत्री जी को उपहार देंगे।"
देश में छह सितंबर, 31 अगस्त, 27 अगस्त को एक करोड़ से ज्यादा खुराकें दी गई थीं। मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा था कि जिन्होंने वैक्सीन की खुराक नहीं ली है, ऐसे लोग अपनों को, परिजनों को और समाज के सभी तबकों को शुक्रवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर टीका लगवाकर, उनको जन्मदिन का उपहार दिया जाए।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देश भर में अपनी इकाइयों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों का वैक्सीनेशन कराने में मदद करने को कहा है।
इसके 19 दिन बाद देश ने 60 करोड़ आंकड़े का तथा इसके महज 13 दिनों बाद 60 करोड़ आंकड़े का लक्ष्य हासिल किया। मंत्रालय के मुताबिक 13 सितंबर को देश ने टीकाकरण के 75 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया।