Twitter इंडिया के MD को यूपी पुलिस का नोटिस, गाजियाबाद वायरल वीडियो केस में सात दिनों में देना होगा जवाब

गाजियाबाद के SP ग्रामीण ने कहा कि Twitter इंडिया के हेड मनीष माहेश्वरी को जांच में सहयोग करने के लिए मौजूद होने के लिए कल मेल किया गया

अपडेटेड Jun 18, 2021 पर 3:31 PM

उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) ने इस महीने की शुरुआत में गाजियाबाद में एक मुस्लिम व्यक्ति पर हमले के मामले (Ghaziabad Viral Video) में "सांप्रदायिक अशांति भड़काने" के लिए ट्विटर (Twitter) के इंडिया हेड को कानूनी नोटिस भेजा है। ANI ने शुक्रवार को बताया कि भारत में ट्विटर के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष माहेश्वरी को दिल्ली के पास लोनी बॉर्डर के एक पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करने और सात दिनों के भीतर अपना बयान दर्ज करने के लिए कहा गया है।

माहेश्वरी को भेजे गए नोटिस में कहा गया, "कुछ लोगों ने अपने ट्विटर हैंडल को समाज में नफरत फैलाने के लिए एक उपकरण के रूप में इस्तेमाल किया और ट्विटर कम्युनिकेशन इंडिया और ट्विटर Inc ने इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने असामाजिक संदेशों को वायरल होने दिया।"

एक संसदीय पैनल ने ट्विटर पर आज शाम 4 बजे संसद परिसर में पेश होने और सोशल मीडिया और ऑनलाइन न्यूज के दुरुपयोग को रोकने के तरीके पर अपना पक्ष रखने का भी आह्वान किया है।

माहेश्वरी से पहले दिल्ली पुलिस की एक टीम ने "कांग्रेस टूलकिट" विवाद के सिलसिले में पूछताछ की थी। नोटिस देने और दिल्ली और गुड़गांव में ट्विटर के दफ्तर में रेड के बाद पुलिस उनसे पूछताछ करने के लिए बेंगलुरु गई।

इससे कुछ दिनों पहले ट्विटर इंडिया, कई पत्रकारों और कांग्रेस नेताओं का 5 जून को हुए हमले का एक वीडियो शेयर करने वाले ट्वीट्स पर गाजियाबाद में दर्ज हुई FIR में नाम शामिल किया गया था।

दरअसल सूफी अब्दुल समद नाम के व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि उसकी दाढ़ी काट दी गई थी और उसे एक समूह द्वारा "वंदे मातरम" और "जय श्री राम" के नारे लगाने के लिए मजबूर किया गया था, जिसने उस पर हमला किया था।


वहीं यूपी पुलिस का कहना है कि घटना में कुछ भी सांप्रदायिक नहीं था। उस व्यक्ति पर छह लोगों - हिंदू और मुस्लिम - ने हमला किया था, जो कथित तौर पर नकली गुड लक चार्म (ताबीज) बेचने के लिए उससे नाराज थे।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।