अंबानी परिवार ने लंदन की क्रिकेट टीम ओवल इनविंसिबल्स में 49% हिस्सेदारी खरीदने की बोली जीत ली है। ब्लूमबर्ग ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। अंबानी परिवार ने प्राइवेट इक्विटी फर्मों और सिलिकॉन वैली के कई दिग्गज निवेशकों को पीछे छोड़कर यह बोली जीती है। ओवल इनविंसिबल्स, ब्रिटेन की 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट की एक प्रमुख फ्रेंचाइजी टीम है। इसे और लंदन स्पिरिट को 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट की दो सबसे मूल्यावान टीमें माना जाता है क्योंकि ये अपनी घरेलू मैचें लंदन में खेलती हैं। अंबानी परिवार ने यह बोली कितने रुपये में जीती है, अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि अंबानी परिवार दुनिया की सबसे मशहूर क्रिकेट लीग, इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) की मुंबई इंडियंस फ्रेजाइजी की भी मालिक है।
"द हंड्रेड" टूर्नामेंट में निवेश का पहला बड़ा सौदा
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपनी घरेलू क्रिकेट की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साल 2021 में "द हंड्रेड" टूर्नामेंट लॉन्च किया था। टूर्मामेंट को बढ़ावा देने के लिए ECB ने पिछले साल इसकी सभी 8 टीमों की हिस्सेदारी बिक्री की प्रक्रिया शुरू की थी। ओवल इनविंसिबल्स की हिस्सेदारी बिक्री इस प्रक्रिया में पूरी होने वाली पहली डील है।
भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुल सकते हैं दरवाजे!
अंबानी परिवार के इस निवेश को इंग्लिश क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि इससे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) को यह समझाने में मदद मिल सकती है कि भारतीय खिलाड़ियों को "द हंड्रेड" जैसे विदेशी टूर्नामेंटों में खेलने की अनुमति दी जाए। फिलहाल, भारतीय खिलाड़ियों को विदेशी लीग में खेलने की इजाजत नहीं है।
"द हंड्रेड" टूर्नामेंट में प्रत्येक टीम को 100 गेंदों का सामना करना होता है, जिससे खेल को छोटा और रोमांचक बनाया गया है। इस लीग को नए दर्शकों तक पहुंचाने और इंग्लैंड में क्रिकेट को अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए शुरू किया गया था।
अब लंदन स्पिरिट की होगी बिक्री
ECB अपने स्वामित्व वाली हर टीम में 49% हिस्सेदारी बेच रहा है, जबकि टीमों के होस्ट वेन्यू अपने 51% हिस्से को रखने या बेचने का फैसला खुद कर सकते हैं। ओवल इनविंसिबल्स का होम ग्राउंड "द ओवल" इंग्लिश काउंटी टीम सरे के नियंत्रण में है, जिसने अपनी हिस्सेदारी को बनाए रखने की इच्छा जताई थी। इस टीम में इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन भी खेलते हैं।
अब शुक्रवार को लंदन स्पिरिट की हिस्सेदारी बिक्री की नीलामी होगी, जिसमें चेल्सी फुटबॉल क्लब के को-ओनर टॉड बोहली की इनवेस्टमेंट कंपनी भी दिलचस्पी दिखा रही है।