Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया को झटका, परिवार को दुबई नहीं ले जा पाएंगे भारतीय क्रिकेटर्स

Champions Trophy 2025: ICC चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 15 फरवरी को दुबई जाने वाले भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ परिवार नहीं जाएगा, क्योंकि BCCI की नई यात्रा नीति इस टूर्नामेंट के साथ पहली बार लागू हो रही है। ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम की 1.3 से करारी हार के बाद यह नीति बनाई गई थी

अपडेटेड Feb 13, 2025 पर 8:51 PM
Champions Trophy 2025: भारतीय टीम को पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ दुबई में खेलना है

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों का परिवार 15 फरवरी को दुबई उनके साथ नहीं जाएगा। बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) की नई यात्रा नीति पहली बार इस टूर्नामेंट के जरिए लागू हो रही है। भारतीय टीम को पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ दुबई में खेलना है। उसके बाद 23 फरवरी को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से सामना है। फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला दो मार्च को होना है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम सारे मैच दुबई में खेलेगी। जबकि बाकी टूर्नामेंट 19 फरवरी से पाकिस्तान के तीन शहरों में होगा।

चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल नौ मार्च को है लिहाजा यह दौरा तीन सप्ताह से कम समय का ही है। इसमें बीसीसीआई खिलाड़ियों के परिवार को साथ जाने की अनुमति नहीं देगा। नई नीति के तहत 45 दिन या उससे लंबे दौरे पर ही परिवार खिलाड़ियों के साथ अधिकतम दो सप्ताह के लिए जा सकता है।

बोर्ड के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, "अगर कुछ बदलता है तो बात अलग है लेकिन अभी तो खिलाड़ियों के साथ उनका परिवार नहीं जा रहा। एक सीनियर खिलाड़ी ने इसके बारे में पूछा था लेकिन उसे बताया गया कि नई नीति का पालन किया जाएगा।"


बीसीसीआई की नीति में कहा गया है, "विदेश दौरे पर 45 दिन या अधिक समय भारत से बाहर रहने पर खिलाड़ी की पत्नी और बच्चे (18 वर्ष से कम उम्र के) अधिकतम दो सप्ताह के लिए साथ रह सकते हैं। इस नीति से अलग जाने पर उन्हें कोच, कप्तान और जीएम ट्रेनर से अनुमति लेनी होगी। इससे अलावा इस अवधि के लिए खर्च भी बीसीसीआई नहीं उठाएगा।" ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत की 1.3 से हार के बाद यह नीति बनाई गई थी।

केएल राहुल पहली पसंद के विकेटकीपर

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्पष्ट किया है कि चैंपियंस ट्रॉफी में केएल राहुल टीम की पहली पसंद के विकेटकीपर होंगे। आक्रामक बल्लेबाज ऋषभ पंत को एक विकल्प के रूप में अंतिम एकादश में शामिल करने पर तुरंत विचार नहीं किया जाएगा। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए जिन खिलाड़ियों का चयन किया गया था उनमें केवल पंत ही ऐसे खिलाड़ी थे जिन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।

राहुल को पहले दो मैच में छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतारा गया जिसमें वह सहज नजर नहीं आ रहे थे। तीसरे मैच में वह अपने पसंदीदा पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने 29 गेंद पर 40 रन का उपयोगी योगदान दिया। भारत ने यह मैच 142 रन से जीता। गंभीर ने मैच के बाद कहा, "राहुल अभी हमारा नंबर एक विकेटकीपर है और अभी मैं इतना ही कह सकता हूं। ऋषभ पंत को मौका मिलेगा लेकिन अभी राहुल अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हम दो विकेटकीपर बल्लेबाज के साथ नहीं खेल सकते।"

ये भी पढ़ें- President Rule in Manipur: मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू, बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद BJP नहीं कर पाई नए मुख्यमंत्री की घोषणा

पांचवें नंबर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले राहुल की जगह पहले दो मैच में अक्षर पटेल को उतारने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए गंभीर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के बजाय टीम के हित महत्वपूर्ण होते हैं। गंभीर ने इसके साथ ही सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को चैंपियंस ट्रॉफी की टीम से बाहर करने के फैसले को भी सही बताया जिनकी जगह स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने ली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।