पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डेविड जॉनसन की चौथी मंजिल से गिरने से मौत, पुलिस को खुदकुशी की आशंका

David Johnson passed away: भारत और कर्नाटक के पूर्व तेज गेंदबाज डेविड जॉनसन का बेंगलुरु में अपने घर की बालकनी से गिरने से निधन हो गया। गुरुवार सुबह वह बालकनी में जाना चाहते थे। उनकी पत्नी ने चौकीदार से कहा था कि वे उन पर नजर रखें। वह ठीक से चल नहीं पा रहे थे। वह पिछले हफ्ते अस्पताल में थे और शारीरिक रूप से बहुत खराब स्थिति में थे

अपडेटेड Jun 20, 2024 पर 5:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
David Johnson passed away: पुलिस इस के मामले को खुदकुशी के एंगल से जोड़कर भी जांच कर रही है

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज डेविड जॉनसन की अपने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की बालकनी से गिरने के कारण मौत हो गई। उनके करीबी लोगों के अनुसार, 52 वर्षीय जॉनसन को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। साल 1996 में भारत के लिए दो टेस्ट खेलने वाले जॉनसन स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें तीन दिन पहले ही स्थानीय अस्पताल से छुट्टी मिली थी। जॉनसन के करीबी दोस्त ने CricketNext.com से पुष्टि की है कि वह सिगरेट जलाने के लिए बालकनी में गए थे, तभी यह दुखद घटना घटी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि जॉनसन गलती से फिसले या इसके पीछे कोई और कारण था।

खुदकुशी की आशंका

पुलिस इस मामले को खुदकुशी के एंगल से जोड़कर भी जांच कर रही है। कोथानूर पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जॉनसन ने हेनूर में अपने घर की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोथानूर पुलिस स्टेशन में एक UDR (unnatural death report) दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शामपुरा मेन रोड स्थित अंबेडकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि वह शराब की लत के कारण भी बीमार थे।


रिपोर्ट के मुतबिक, गुरुवार सुबह वह बालकनी में जाना चाहते थे। उनकी पत्नी ने चौकीदार से कहा था कि वे उन पर नजर रखें। वह ठीक से चल नहीं पा रहे थे। वह पिछले हफ्ते अस्पताल में थे और शारीरिक रूप से बहुत खराब स्थिति में थे। सूत्रों ने अखबार को बताया, "हमें नहीं पता कि वास्तव में क्या हुआ, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है।"

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि वह 52 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। जॉनसन अपने घर के पास में ही क्रिकेट अकादमी चला रहे थे लेकिन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। KSCA के अधिकारी ने पीटीआई से कहा,"हमें बताया गया कि वह अपने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिर गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।"

सिर्फ दो टेस्ट खेले

अपने दौर के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक माने जाने वाले जॉनसन ने भारत की तरफ से दो टेस्ट मैच खेले। उन्होंने हर्शल गिब्स और बीरन मैकमिलन के विकेट लिए। उन्होंने कुल 39 फर्स्ट क्लास मैच खेले। वह कर्नाटक की उस मजबूत गेंदबाजी यूनिट का हिस्सा थे जिसमें अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, वेंकटेश प्रसाद और डोडा गणेश शामिल थे।

भारत के पूर्व गेंदबाज और जॉनसन के लंबे समय तक साथी रहे गणेश ने कहा, "यह बेहद दुखद खबर है क्योंकि हम टेनिस क्रिकेट के दिनों से ही एक क्लब जय कर्नाटक की तरफ से खेला करते थे।" उन्होंने कहा, "इसके बाद हम राज्य और देश के लिए भी साथ में खेले। कर्नाटक का यह गेंदबाजी आक्रमण लंबे समय तक भारतीय गेंदबाजी आक्रमण दे रहा। असल में एक समय राहुल द्रविड़ सहित कर्नाटक के छह खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा थे। मुझे नहीं लगता कि किसी अन्य राज्य के नाम पर यह उपलब्धि होगी।"

ये भी पढ़ें- 'बेगमों को साथ लेकर घूमने की आदत है..', पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर का अजीबोगरीब दावा, हारिस रऊफ को भी लताड़ा

दिग्गजों ने जताया शोक

दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले सहित अन्य क्रिकेटरों ने भी जॉनसन के निधन पर शोक व्यक्त किया। कुंबले ने X पर पोस्ट किया, "क्रिकेट के दिनों के मेरे साथी डेविड जॉनसन के निधन से बेहद दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। बेनी तुम बहुत जल्दी चले गए।" वहीं, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह ने भी जॉनसन के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। शाह ने X पर लिखा, "पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डेविड जॉनसन के परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना। खेल में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।