Hardik Pandya Suspend: IPL की टीम मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को टूर्नामेंट के इस सत्र में तीसरी बार धीमी ओवरगति के लिए BCCI ने एक मैच के लिए सस्पेंड कर दिया है। साथ ही 30 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। पंड्या अगले सीजन में मुंबई इंडियंस का पहला मैच नहीं खेलेंगे। लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ 17 मई को आखिरी लीग मैच के साथ ही इस सत्र में मुंबई का अभियान खत्म हो गया।
एक बयान में कहा गया ,‘‘मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) पर IPL 2024 में लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 17 मई को हुए मैच के दौरान धीमी ओवरगति के लिए जुर्माना लगाया गया है। यह IPL की आचार संहिता के तहत धीमी ओवरगति का मुंबई इंडियंस का तीसरा अपराध था। लिहाजा हार्दिक पंड्या पर 30 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है और अगले मैच के लिए सस्पेंड किया गया है।’’
बाकी खिलाड़ियों पर भी जुर्माना
रोहित शर्मा समेत मुंबई इंडियंस के बाकी सदस्यों पर मैच फीस का 50 प्रतिशत या 12 लाख रुपये में से जो कम हो, जुर्माना लगाया गया है। वैसे तो कोई निश्चित नियम नहीं है लेकिन आमतौर पर टीम मैनेजमेंट अपने खिलाड़ियों की ओर से जुर्माना भरता है। खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से शायद ही कुछ नुकसान हो।
लखनऊ सुपर जाइंट्स का भी IPL 2024 में सफर खत्म
लखनऊ सुपर जाइंट्स का अभियान भी 14 मैचों में 7 जीत के साथ आईपीएल 2024 में खत्म हो गया। टीम ने 6 विकेट पर 214 रन बनाने के बाद रोहित शर्मा (38 गेंद में 68 रन) और नमन धीर (28 गेंद में नाबाद 62 रन) की अर्धशतकीय पारियों के बाद भी मुंबई को छह विकेट पर 196 पर रोक दिया। टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम के दृष्टिकोण से रोहित का लय में आना अच्छी खबर है। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और तीन छक्के जड़ने के साथ पहले विकेट के लिए डेवाल्ड ब्रेविस (23) के साथ 88 रन की साझेदारी कर मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई।