IND vs AUS 5th Test: सिडनी टेस्ट में प्लेइंग- 11 से बाहर होंगे रोहित शर्मा! जसप्रीत बुमराह करेंगे टीम इंड‍िया की कप्तानी

India vs Australia 5th Test: रिपोर्ट्स के अनुसार, सिडनी टेस्ट में भारतीय टीम अपने नियमित कप्तान रोहित शर्मा के बिना उतरेगी। रोहित शर्मा अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए पांच मैचों की सीरीज के शुरूआती टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। लेकिन इसके बाद पांच पारियों में उनका सर्वोच्च स्कोर 10 रन रहा है।

अपडेटेड Jan 02, 2025 पर 5:59 PM
India vs Australia 5th Test: रोहित शर्मा को सिडनी टेस्ट के लिए टीम इंडिया से ड्रॉप कर दिया गया है

India vs Australia 5th Test: अपनी कप्तानी और खराब फॉर्म की वजह से आलोचना झेल रहे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेटर के रूप में करियर निराशाजनक अंत की ओर बढता दिख रहा है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि शुक्रवार (2 जनवरी) से सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हो रहे आखिरी टेस्ट मैच के लिए टीम में उनकी जगह भी पक्की नहीं है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कप्तान रोहित शर्मा को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम मैच के लिए 'आराम' दिया जाएगा। उनकी अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम की कमान संभालेंगे। बुमराह का लक्ष्य बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज को बराबर करना है।

मेलबर्न की तरह ही सिडनी में रोहित नेट्स पर अभ्यास के लिए आखिर में उतरे। इससे पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर ने यह पुष्टि करने से इनकार किया कि शुक्रवार सुबह टॉस के लिए रोहित मैदान पर आएंगे या नहीं। गंभीर ने रोहित के खेलने को लेकर पूछे गए सवाल पर इतना ही कहा, "हम पिच को देखने के बाद प्लेइंग- 11 के बारे में फैसला लेंगे।" अगर ऐसा होता है तो रोहित खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर किए जाने वाले पहले कप्तान होंगे। वह पांच पारियों में 31 रन ही बना सके हैं।

महेंद्र सिंह धोनी और अनिल कुंबले ने सीरीज के बीच में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। दोनों का शरीर पांच दिनी क्रिकेट और खेल पाने की इजाजत नहीं दे पा रहा था। रोहित के मामले में उन्हें फॉर्म के आधार पर बाहर किया जाएगा, क्योंकि गंभीर ने साफ तौर पर कहा है कि प्रदर्शन के आधार पर ही कोई भी खिलाड़ी भारतीय ड्रेसिंग रूम में बने रह सकता है।


शुभमन गिल को मिल सकता है मौका

अगर रोहित शुक्रवार को टॉस के लिए नहीं आते हैं तो यह माना जा सकता है कि उन्होंने इस सप्ताह एमसीजी पर अपना आखिरी टेस्ट खेल लिया। गंभीर ने प्लेइंग- 11 का खुलासा नहीं किया लेकिन ऐसे संकेत हैं कि भारतीय टीम तीसरे नंबर पर शुभमन गिल को उतार सकती है। भारतीय टीम का प्रदर्शन बिल्कुल भी प्रभावी नहीं रहा है। बतौर कप्तान तथा बल्लेबाज रोहित के लिए यह सबसे खराब दौर है।

वह संन्यास की घोषणा करे या नहीं करे लेकिन सिडनी के बाद उनका टेस्ट क्रिकेट खेलना संभव नहीं लग रहा। इसके अलावा टीम में असंतोष की खबरें भी प्रदर्शन पर असर डाल सकती है। इसकी शुरूआत सीरीज के बीच में रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के फैसले से हुई। इसके बाद रोहित के खराब फॉर्म से बतौर कप्तान उनका कद घटा है।

ऐसी खबरें हैं कि गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर विकेट गंवाने वाले ऋषभ पंत पर भी गंभीर ने गुस्सा निकाला है। ऐसी अटकलें हैं कि सिडनी टेस्ट में पंत की जगह ध्रुव जुरेल को उतारा जा सकता है। पंत को अगर बाहर किया जाता है तो 1984 के इंग्लैंड दौरे की याद ताजा हो जाएगी जब खराब शॉट खेलने के कारण विकेट गंवाने वाले महान हरफनमौला कपिल देव को सबक सिखाने के लिये टीम से बाहर किया गया था।

आकाश दीप बाहर

तेज गेंदबाज आकाश दीप कमर की जकड़न के कारण नहीं खेल पाएंगे जिससे टीम में एक और बदलाव करना होगा। कोच के पसंदीदा हर्षित राणा को मौका मिल सकता है। लेकिन वह निरंतर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं और दूसरे या तीसरे स्पैल में रफ्तार भी कम हो जाती है। ऐसे में प्रसिद्ध कृष्णा को भी मौका मिल सकता है। मैच भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह पांच बजे शुरू होगा।

ये भी पढ़ें- Khel Ratna Award: खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड विजेताओं को कितना पैसा मिलता है? जानें सभी डिटेल्स

रोहित शर्मा कर सकते हैं संन्यास का ऐलान

भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का कहना है कि आलोचनाओं से घिरे कप्तान रोहित शर्मा के निकट भविष्य में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने पर उन्हें हैरानी नहीं होगी। उन्होंने पीटीआई से कहा कि प्रतिभाशाली और फॉर्म में चल रहे युवा जैसे शुभमन गिल टीम में आने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए पांच मैच की सीरीज के शुरूआती टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। लेकिन इसके बाद पांच पारियों में उनका सर्वोच्च स्कोर 10 रन रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।