India vs Australia 5th Test: अपनी कप्तानी और खराब फॉर्म की वजह से आलोचना झेल रहे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेटर के रूप में करियर निराशाजनक अंत की ओर बढता दिख रहा है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि शुक्रवार (2 जनवरी) से सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हो रहे आखिरी टेस्ट मैच के लिए टीम में उनकी जगह भी पक्की नहीं है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कप्तान रोहित शर्मा को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम मैच के लिए 'आराम' दिया जाएगा। उनकी अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम की कमान संभालेंगे। बुमराह का लक्ष्य बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज को बराबर करना है।
