Robin Uthappa: क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, EPFO फर्जीवाड़े से जुड़ा है मामला

Robin Uthappa Arrest Warrant: पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा के खिलाफ कथित प्रोविडेंट फंड (PF) धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। अधिकारियों ने कहा, "4 दिसंबर को जारी किया गया वारंट वापस कर दिया गया है, क्योंकि उथप्पा पुलकेशिनगर स्थित अपने आवास पर नहीं पाए गए।" क्रिकेटर और उनका परिवार अब दुबई में रहता है

अपडेटेड Dec 21, 2024 पर 3:08 PM
Robin Uthappa Arrest Warrant: पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा के खिलाफ EPFO से जुड़े एक केस में अरेस्ट वारंट जारी किया गया है

Robin Uthappa Arrest Warrant: भारत के पूर्व क्रिकेटर और 2007 टी20 वर्ल्ड कप विजेता रॉबिन उथप्पा मुश्किल में फंस गए हैं। रॉबिन उथप्पा के खिलाफ प्रोविडेंट फंड (PF) से जुड़े कथित धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। उनके पास लगभग 24 लाख रुपये का बकाया भुगतान करने के लिए 27 दिसंबर तक का समय है, अन्यथा उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। बेंगलुरु के रीजनल पीएम कमिश्नर ने 4 दिसंबर को यह अरेस्ट वारंट जारी किया था, लेकिन बेंगलुरु स्थित अपने घर पर क्रिकेटर नहीं मिले थे। बताया जा रहा है कि उथप्पा अपने परिवार के साथ दुबई में हैं।

सेंचुरीज लाइफ स्टाइल ब्रांड प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े उथप्पा पर आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों की सैलरी से PF की रकम काट ली। लेकिन यह रकम उनके पीएफ अकाउंट में जमा नहीं कराया। उथप्पा बेंगलुरु स्थित सेंटॉरस लाइफस्टाइल ब्रांड्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। क्षेत्रीय पीएफ कमिश्नर सदाक्षरी गोपाल रेड्डी ने 4 दिसंबर को जारी गिरफ्तारी वारंट में कहा कि कंपनी लगभग 23,36,602 रुपये का हर्जाना नहीं चुका पाई, जिसे टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी से वसूला जाना है।

39 वर्षीय पूर्व बल्लेबाज पर अपने कर्मचारियों के वेतन से प्रोविडेंट फंड काटने का आरोप है। लेकिन अपने कर्मचारियों के खातों में राशि जमा नहीं करने का आरोप है। वारंट में कहा गया है कि बकाया राशि का भुगतान न किए जाने के कारण यह कार्यालय गरीब श्रमिकों के भविष्य निधि खातों का निपटान करने में असमर्थ है। पत्र में पुलिस से उथप्पा को गिरफ्तार करने और 27 दिसंबर तक वारंट वापस करने को कहा गया है।


'द हिंदू' ने बताया कि रॉबिन उथप्पा अपने परिवार के साथ दुबई में रहते हैं। बेंगलुरु के क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए "वॉकिंग असैसिन" के नाम से जाना जाता है। एक साल पहले वह अपने परिवार के साथ दुबई चले गए थे।

अभी दुबई में हैं क्रिकेटर

पिछले साल 'गल्फ न्यूज' से बात करते हुए रॉबिन उथप्पा ने कहा, "हम दुबई से काफी परिचित थे क्योंकि हम पिछले कुछ सालों में अक्सर यहां आते रहे हैं। हम 2022 की क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान भी यहां आए थे और नए साल का जश्न मनाया। शीतल ने मुश्किल गर्भावस्था के बाद अभी-अभी हमारी बेटी को जन्म दिया था। वह अभी भी बुरे दौर से गुजर रही थी। फिर हमने सोचा कि यह यात्रा उसके लिए अच्छी रहेगी।" इसके बाद अगले कुछ महीनों में वे स्थायी रूप से यहीं रहने लगे।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रॉबिन उथप्पा को पता भी नहीं चला कि उन्होंने अपने लिए गोल्डन वीजा हासिल कर लिया है। मार्च 2023 तक वे अपने परिवार के साथ अरेबियन रैंच में पांच बेडरूम वाले विला में रहने चले गए।

उथप्पा ने भारत के लिए 59 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक लोकप्रिय खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 1,183 रन बनाए हैं। उनके नाम सात अर्धशतक हैं। रॉबिन उथप्पा 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा थे। भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पाकिस्तान को 5 रन से हराते हुए टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।

ये भी पढ़ें- शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल की बढ़ी मुश्किल! LG ने ED को दी मुकदमा चलाने की मंजूरी, AAP ने बताया 'फर्जी खबर'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।