Virat Kohli: मेलबर्न में विराट कोहली को करना पड़ा हूटिंग का सामना, फैंस पर भड़के

Virat Kohli News: भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली शुक्रवार (27 दिसंबर) को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर क्रिकेट प्रशंसकों से भिड़ गए। यह घटना 'बॉक्सिंग डे' टेस्ट मैच के दूसरे दिन हुई, जब विराट कोहली स्कॉट बोलैंड द्वारा आउट होने के बाद पवेलियन लौट रहे थे। इस दौरान दर्शकों ने उनका मजाक भी बनाया

अपडेटेड Dec 27, 2024 पर 7:36 PM
Virat Kohli News: विराट कोहली 27 दिसंबर को क्रिकेट दर्शकों के साथ कुछ देर तक बहस करने लगे (FILE PHOTO- REUTERS)

Virat Kohli News: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को शुक्रवार (27 दिसंबर) को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 'बॉक्सिंग डे' टेस्ट में आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम में वापस जाते समय हूटिंग का सामना करना पड़ा। इस दौरान क्रिकेट फैंस ने उनका मजाक भी बनाया। इसके बाद वह मुड़कर दर्शकों के साथ कुछ देर तक बहस करने लगे। कोहली का व्यवहार मौजूदा चौथे टेस्ट में चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले उन्होंने मैच के पहले दिन डेब्यू करने वाले 19 वर्षीय सैम कोंस्टास को कंधे से धक्का दे दिया था। इसके बाद उन पर जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट अंक दिया गया।

शुक्रवार को कोहली 36 रन बनाने के बाद स्कॉट बोलैंड की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। पीटीआई के मुताबिक, जब वह ड्रेसिंग रूम की ओर जाने के लिए 'टनल' में दाखिल हुए तो MCG के उस हिस्से में मौजूद फैंस ने उनका मजाक उड़ाना शुरू कर दिया और कुछ टिप्पणियां भी कीं। जिसकी एक छोटी सी क्लिप तब से वायरल हो गई है।

इस 22 सेकेंड के वीडियो में कुछ स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं दे रहा लेकिन इसे सुनने के बाद वह वापस मुड़े। वह ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों की टिप्पणियों से नाराज दिख रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वापस पवेलियन की ओर पहुंचाया। लेकिन कोहली बाईं ओर स्टैंड की ओर देख रहे थे।


एक दिन पहले गुरुवार को कोंस्टास के साथ उनकी टक्कर की आलोचना करते हुए भारत के पूर्व खिलाड़ियों ने भी इसे गैरजरूरी बताया था। इससे पहले दिन के खेल के पहले सत्र के दौरान एक व्यक्ति दौड़कर मैदान में घुस गया और उसने कोहली के गले में हाथ डाल दिया।

भारतीय स्टार ने उसका विरोध नहीं किया और कुछ कदम चले। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उस अज्ञात व्यक्ति को बाहर निकाला। महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने ऑस्ट्रेलिया के पदार्पण करने वाले युवा सैम कोंस्टास के साथ विराट कोहली की टक्कर की आलोचना करते हुए कहा कि इसकी 'कोई जरूरत नहीं' थी।

उन्होंने कहा कि भारतीय स्टार नहीं चाहेगा कि इस तरह की घटना से उनकी विरासत धूमिल हो। मैदान पर अपने जोशीले व्यक्तित्व के लिए जाने जाने वाले कोहली अतीत में भी कई विवादों में पड़ चुके हैं। उन्हें 2019 में दक्षिण अफ्रीका के ब्यूरन हेंड्रिक्स के साथ कंधा टकराने की घटना के लिए ICC द्वारा दंडित किया गया था।

ये भी पढ़ें- Manmohan Singh: अमेरिका सहित विश्व मीडिया ने मनमोहन सिंह के निधन को कैसे कवर किया?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।