एक परिवार एक सैनिक, LAC पर तैनाती के लिए तिब्बती युवाओं को PLA में भर्ती कर रहा है चीन

तिब्बती युवाओं की "लॉयल्टी टेस्ट" यानी उनकी वफादारी को जांच और परखने के बाद भर्ती की जा रही है

अपडेटेड Jul 31, 2021 पर 9:07 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

चीन (China) ने भारत के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर अपनी सैन्य तैनाती को मजबूत करने के लिए तिब्बत के हर एक परिवार के एक सदस्य को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) में भर्ती करना अनिवार्य कर दिया है। इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि तिब्बती युवाओं की "लॉयल्टी टेस्ट" यानी उनकी वफादारी को जांच और परखने के बाद भर्ती की जा रही है।

सूत्रों ने कहा कि चीन की सेना LAC पर अपनी तैनाती मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, खासकर लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश जैसे चरम मौसम वाले क्षेत्रों में।

सरकारी सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया, "चीनी सेना ने तिब्बतियों के वफादार परिवारों से एक-एक सदस्य को शामिल करने के लिए इस प्रोजेक्ट को शुरू किया है, जिन्हें भारत के साथ LAC पर स्थायी रूप से तैनात किया जाएगा।"

सूत्रों ने आगे कहा कि चीनी सेना अपने क्षेत्र में तिब्बती युवाओं की भर्ती कर रही है और उन्हें भारत के साथ LAC पर ऑपरेशन के लिए ट्रेनिंग दे रही है।

सूत्रों ने कहा, "हमें खुफिया जानकारी मिली है कि चीनी सेना भारत के साथ LAC पर स्पेशल ऑपरेशन चलाने के लिए तिब्बती युवाओं की भर्ती कर रही है और वे इस तरह के अभियानों के लिए तैयार करने के लिए रेगुलर ट्रेनिंग कर रहे हैं।"

उन्होंने बताया कि तिब्बती युवाओं को कई लॉयल्टी टेस्ट से गुजरने के बाद चीनी सेना में शामिल किया गया है, जिसमें चीनी भाषा सीखना और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के वर्चस्व को स्वीकार करना शामिल है।


तिब्बती युवाओं को चीनी सेना में भर्ती करने का मुख्य जोर इस साल जनवरी-फरवरी में तब शुरू हुआ जब चीन ने देखा कि भारतीय सेना के विशेष सीमा बलों में सेवा करते हुए निर्वासित तिब्बतियों ने कैसा प्रदर्शन किया है।

तिब्बती युवाओं से चीनी सेना को कई फायदे होते हैं, क्योंकि उनसे तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र (TAR) में स्थानीय आबादी के बीच चीनी शासन की ज्यादा स्वीकृति लाने के साथ-साथ लद्दाख जैसे पहाड़ी इलाकों में तैनाती में चीनी के सैनिकों के दबाव को कम करने की उम्मीद है।

भारत और चीन के बीच पिछले साल अप्रैल-मई से सैन्य गतिरोध जारी है और अभी तक डी-एस्केलेशन फॉर्मूला नहीं ढूंढ पाए हैं। हॉट स्प्रिंग्स-गोगरा ऊंचाइयों सहित कुछ फ्रिक्शन प्वाइंट्स पर अभी भी तनाव बना हुआ है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।