Tokyo Olympics: पहलवान बजरंग पूनिया ने जीता ब्रॉन्ज मेडल, भारत का कुश्ती में दूसरा पदक

Tokyo 2020: बजरंग पुनिया (Bajrang Punia) ने कजाकिस्तान के दौलेट नियाजबेकोव 8-0 से हराया

अपडेटेड Aug 08, 2021 पर 3:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

जापान में हो रहे ओलंपिक खेलों (Tokyo Olympics) में भारत को कुश्ती में उसका दूसरा पदक मिल गया है। पहलवान बजरंग पुनिया (Bajrang Punia) ने पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती (Freestyle Wrestling) में ब्रॉन्ज (Bronze Medal) जीता। उन्होंने कजाकिस्तान के दौलेट नियाजबेकोव  8-0 से हराया। ये भारत का कुश्ती में दूसरा और वर्तमान ओलंपिक में कुल छठा पदक है। भारत ने इस तरह से एक ओलंपिक में सबसे ज्यादा पदक जीतने के अपने पिछले रिकार्ड की बराबरी की।

इससे पहले रवि दहिया ने कुश्ती में पुरुषों के 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता था। भारत ने इससे पहले लंदन ओलंपिक 2012 में छह पदक जीते थे, तब कुश्ती में सुशील कुमार ने सिल्वर और योगेश्वर दत्त ने ब्रॉन्ज हासिल किया था।

बजरंग शुरू से ही दृढ़ इरादों के साथ मैट पर उतरे। उन्होंने पहले पीरियड में दो अंक बनाए और इस बीच अपने डिफेंस का अच्छा नमूना पेश किया। वे दूसरे पीरियड में ज्यादा आक्रामक नजर आए, जिसमें उन्होंने छह अंक हासिल किए।

सरकारी नौकरी, 2.5 करोड़ का नकद इनाम

बजरंग की इस जीत पर हरियाणा सरकार ने उन्हें सरकारी नौकरी, 2.5 करोड़ रुपए नकद इनाम की घोषणा की है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बजरंग पुनिया ने बहुत अच्छे तरीके से खेला है और कांस्य पदक जीता है। भारत के 2 रजत और 4 कांस्य लेकर कुल 6 पदक हो चुके हैं। इसमे हरियाणा का योगदान सबसे ज्यादा है। हमें अभी और भी मेडल मिलने की उम्मीद है।

खट्टर ने आगे कहा, "बजरंग पुनिया को 2.5 करोड़ की राशि नकद दी जाएगी साथ ही सरकारी नौकरी मिलेगी और एक प्लाट भी उन्हें 50% के कंसेशनन पर मिलेगा। वे झज्जर के खुड्डन गांव के रहने वाले हैं। वहां एक इंडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा।"


सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।