हाई बीपी और डायबिटीज का डबल अटैक? जानिए कौन-सी डाइट करेगी बचाव
हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज ऐसी समस्याएं हैं जो अक्सर एक साथ देखने को मिलती हैं और एक-दूसरे को और ज्यादा बढ़ावा देती हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि मरीज क्या खाएं और किन चीजों से पूरी तरह परहेज करें, ताकि दोनों बीमारियों को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सके
Health tips: पालक, मेथी, पत्तागोभी और ब्रोकली जैसी हरी सब्जियां दिल के लिए फायदेमंद होती हैं।
आज के दौर में हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज एक आम लेकिन खतरनाक हेल्थ कॉम्बिनेशन बन चुके हैं। ये दोनों बीमारियां न सिर्फ भारत, बल्कि पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रही हैं। गलत खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और तनावभरी जीवनशैली इसके प्रमुख कारण हैं। पहले ये समस्याएं उम्रदराज लोगों तक सीमित थीं, लेकिन अब युवा भी इनसे बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। हाई बीपी और शुगर जब साथ होती हैं, तो दिल, आंखों, किडनी और दिमाग जैसे महत्वपूर्ण अंगों पर गहरा असर डालती हैं। ऐसी स्थिति में दवाओं के साथ-साथ डाइट पर खास ध्यान देना बेहद जरूरी हो जाता है।
सही और संतुलित आहार न केवल इन बीमारियों को नियंत्रित करता है, बल्कि शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में भी मदद करता है। आइए जानते हैं कि ऐसी स्थिति में किन खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करना चाहिए और किनसे दूरी बनानी चाहिए।
डाइट क्यों है जरूरी?
हाई बीपी में धमनियों पर दबाव बढ़ता है, जिससे दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। वहीं, जब ब्लड शुगर बढ़ता है, तो शरीर के अंग धीरे-धीरे प्रभावित होने लगते हैं। ये दोनों समस्याएं मिलकर हार्ट अटैक और स्ट्रोक के खतरे को कई गुना बढ़ा देती हैं। इसलिए जरूरी है कि डाइट कम नमक, कम चीनी और भरपूर फाइबर व अच्छे फैट्स वाली हो।
होल ग्रेन्स
होल ग्रेन्स जैसे ओट्स, ब्राउन राइस, रागी, क्विनोआ और बाजरा फाइबर से भरपूर होते हैं। ये शुगर धीरे-धीरे रिलीज करते हैं और बीपी को भी कंट्रोल में रखते हैं। ऐसे अनाज ब्लड शुगर स्पाइक्स को रोकने में मदद करते हैं।
हरी पत्तेदार सब्जियों का करें सेवन
पालक, मेथी, पत्तागोभी और ब्रोकली जैसी हरी सब्जियां दिल के लिए फायदेमंद होती हैं। ये न सिर्फ बीपी को कंट्रोल करने में मदद करती हैं, बल्कि ब्लड शुगर को भी स्थिर बनाए रखती हैं।
लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल खाएं
सेब, अमरूद, बेरीज, संतरा और पपीता जैसे फल जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, वो शुगर लेवल और बीपी दोनों को बैलेंस में रखने में मदद करते हैं। बहुत मीठे फलों जैसे आम, केला, चीकू से दूरी बनाना बेहतर होता है।
अच्छे फैट्स से मिलेगी मदद
अलसी के बीज, अखरोट, बादाम और एवोकाडो जैसे खाद्य पदार्थों में मौजूद गुड फैट्स दिल को स्वस्थ रखते हैं और ब्लड शुगर को भी तेजी से बढ़ने नहीं देते।
प्रोटीन युक्त आहार को शामिल करें
उबला अंडा (सिर्फ सफेद हिस्सा), लो-फैट दही, टोफू और दालें प्रोटीन का अच्छा स्रोत हैं। ये मसल्स बनाने में मदद करते हैं और भूख को भी नियंत्रित रखते हैं, जिससे बीपी और शुगर दोनों कंट्रोल में रहते हैं।
किन चीजों से परहेज जरूरी है?
नमक: अधिक नमक बीपी बढ़ाता है।
चीनी: शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है।
डीप फ्राई और ट्रांस फैट: दिल की सेहत के लिए हानिकारक।
रेड मीट: कोलेस्ट्रॉल और बीपी दोनों पर बुरा असर डालता है।
पैकेज्ड फूड्स: इनमें अधिक मात्रा में सोडियम और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, जो शरीर के लिए नुकसानदायक हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।