डायबिटीज एक ऐसी स्थिति है जिसमें खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी होता है। अक्सर लोग मानते हैं कि ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए स्वाद से समझौता करना पड़ता है, लेकिन ये पूरी तरह सही नहीं है। सही और संतुलित आहार अपनाकर न सिर्फ ब्लड शुगर को नियंत्रित रखा जा सकता है, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण और ऊर्जा भी मिलती है। दरअसल, कुछ खास फूड्स ऐसे होते हैं जो स्वाद में बेहतरीन होने के साथ-साथ ब्लड शुगर लेवल को स्थिर बनाए रखने में भी मदद करते हैं। इनमें भरपूर फाइबर, प्रोटीन और हेल्दी फैट्स होते हैं जो पाचन को धीमा करते हैं और इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाते हैं।
ऐसे खाद्य पदार्थ न केवल दिनभर सक्रिय रखने में मदद करते हैं, बल्कि भूख को भी नियंत्रित रखते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 6 आसान और स्वादिष्ट फूड्स जो डायबिटीज के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं।
ओट्स एक ऐसा हेल्दी ऑप्शन है जो स्वाद और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद है। इनमें मौजूद फाइबर, खासकर बीटा-ग्लूकन, पाचन की प्रक्रिया को धीमा करता है जिससे ब्लड शुगर लेवल तेजी से नहीं बढ़ता। सुबह गरमागरम ओट्स का एक बाउल न सिर्फ पेट भरता है, बल्कि लंबे समय तक भूख भी नहीं लगती। इसमें दालचीनी या ताजे बेरीज़ मिलाकर स्वाद बढ़ा सकते हैं।
ग्रीक योगर्ट गाढ़ा, मलाईदार और सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें प्रोटीन ज्यादा और कार्ब्स कम होते हैं, जिससे ये ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद करता है। बिना शक्कर वाला प्लेन वर्जन ही चुनें और ऊपर से कुछ नट्स या बीज मिलाकर स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखें।
जी हां, आलू को भी शुगर फ्रेंडली डाइट में शामिल किया जा सकता है, बस पकाने और खाने का तरीका सही होना चाहिए। उबले हुए आलू, खासकर छिलके के साथ, तलने की तुलना में कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स रखते हैं। इन्हें ठंडा करके खाने से इनमें रेसिस्टेंट स्टार्च बनता है, जो ब्लड शुगर को तेजी से नहीं बढ़ने देता। बेहतर परिणाम के लिए इन्हें प्रोटीन, फाइबर या हेल्दी फैट्स के साथ खाएं जैसे दाल, हरी सब्जियां या थोड़ा ऑलिव ऑयल।
दालें पोषण से भरपूर होती हैं और इनमें फाइबर व प्लांट-बेस्ड प्रोटीन की मात्रा भी अच्छी होती है। ये पचने में समय लेती हैं जिससे ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। इन्हें सूप, सलाद या स्टू में मिलाकर खाया जा सकता है और ये आपको लंबे समय तक भूख से राहत देती हैं।
पालक और दूसरी हरी पत्तेदार सब्जियां कम कार्ब्स वाली होती हैं लेकिन विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर होती हैं। इनमें मौजूद मैग्नीशियम और फाइबर इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। इन्हें आप आसानी से आमलेट, रैप या स्मूदी में शामिल कर सकते हैं।
चिया सीड्स आकार में छोटे जरूर होते हैं लेकिन सेहत के मामले में बहुत ताकतवर होते हैं। इनमें फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड की भरपूर मात्रा होती है। जब इन्हें पानी में भिगोया जाता है तो ये जैल जैसा रूप ले लेते हैं जो पाचन को धीमा करता है और ब्लड शुगर को स्थिर बनाए रखता है। इन्हें दही, ओट्स या पुडिंग में मिलाकर दिन में कभी भी खाया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।