अलसी के बीज (Flax Seeds) को पोषण का पावरहाउस कहा जाता है क्योंकि इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, लिग्निन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये बीज वजन कम करने, दिल की सेहत सुधारने और पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मददगार माने जाते हैं। यही कारण है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स इसे सुपरफूड की श्रेणी में रखते हैं। लेकिन जरूरी नहीं कि ये हर किसी के शरीर के लिए फायदेमंद हो। कुछ स्थितियों में इसका सेवन स्वास्थ्य पर उल्टा असर डाल सकता है। खासतौर पर अगर आप किसी बीमारी से ग्रसित हैं या दवाएं ले रहे हैं, तो ये बीज आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं।
अलसी का सेवन करने से पहले ये जान लेना जरूरी है कि किन लोगों को इससे परहेज करना चाहिए। क्योंकि जहां एक तरफ ये फायदे पहुंचा सकती है, वहीं दूसरी तरफ गलत इस्तेमाल से ये नुकसानदेह भी साबित हो सकती है।
1. गर्भवती महिलाएं रहें सतर्क
गर्भवती महिलाओं को अलसी खाने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। इसमें कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो हार्मोन पर असर डाल सकते हैं और भ्रूण के विकास में बाधा बन सकते हैं। ज्यादा सेवन से समय से पहले डिलीवरी की आशंका भी बढ़ सकती है।
2. हार्मोनल असंतुलन से जूझ रहे लोग न खाएं
अगर किसी महिला को PCOD या हार्मोनल गड़बड़ी की समस्या है तो अलसी से बचना चाहिए। इसमें मौजूद लिग्निन नामक तत्व एस्ट्रोजन की नकल करता है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
3. लो बीपी वालों के लिए हो सकती है घातक
अलसी ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में सहायक है, लेकिन जिन लोगों का बीपी पहले से ही कम रहता है, उनके लिए यह खतरे की घंटी हो सकती है। इससे कमजोरी, चक्कर या बेहोशी जैसे लक्षण उभर सकते हैं।
4. दवाएं लेने वाले लोग रहें दूर
खून पतला करने वाली दवाएं (जैसे एस्पिरिन या वॉरफरिन) ले रहे लोगों को अलसी नहीं खानी चाहिए। ये खून को और पतला कर देती है जिससे मामूली चोट में भी अधिक खून बह सकता है।
5. पेट की परेशानी वालों को न हो ज्यादा शौक
अलसी में फाइबर भरपूर होता है। अगर आपको पहले से गैस, कब्ज या पेट फूलने की समस्या है तो अलसी इसे और बढ़ा सकती है। खासकर बिना पानी के सेवन करने से पेट भारी लग सकता है।
6. थायराइड के मरीज अलसी से बचें
थायराइड से पीड़ित लोगों को अलसी के बीज नहीं खाने चाहिए। इसमें ऐसे तत्व होते हैं जो शरीर में आयोडीन के अवशोषण को कम कर देते हैं, जिससे थायराइड की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।