आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग सेहत के प्रति लापरवाह होते जा रहे हैं। फास्ट फूड, मीठे पेय पदार्थों और प्रोसेस्ड खाने का बढ़ता चलन, साथ ही व्यायाम की कमी, डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों का मुख्य कारण बन चुका है। पहले ये बीमारी सिर्फ उम्रदराज लोगों में देखी जाती थी, लेकिन अब युवा और यहां तक कि किशोर भी इसके शिकार हो रहे हैं। सुबह की भागदौड़ में नाश्ता छोड़ देना, दिनभर स्क्रीन के सामने बैठे रहना और तनाव भरी दिनचर्या से शरीर में इंसुलिन का संतुलन बिगड़ने लगता है। इससे ब्लड शुगर का स्तर बढ़ता है और धीरे-धीरे डायबिटीज जड़ पकड़ लेती है।
