लाजवंती, जिसे ‘छुईमुई’ के नाम से भी जाना जाता है, एक ऐसा पौधा है जिसकी खासियत उसकी संवेदनशीलता ही नहीं, बल्कि उसके अंदर छिपे औषधीय गुण हैं। ये पौधा दिखने में भले ही नाजुक लगता हो, लेकिन आयुर्वेद में इसे कई रोगों के उपचार के लिए एक कारगर औषधि माना गया है। इसकी पत्तियां छूने पर सिकुड़ जाती हैं, जिससे ये लोगों को आकर्षित करती है, लेकिन यही पौधा मूत्र संबंधी समस्याओं से लेकर घाव भरने, दर्द से राहत देने और मानसिक तनाव को कम करने तक में असरदार साबित होता है। लाजवंती की जड़ें, पत्ते और अर्क – सबका उपयोग आयुर्वेदिक चिकित्सा में होता है।
ये एक प्राकृतिक एनाल्जेसिक, मूत्रवर्धक और एंटीडिप्रेसेंट की तरह कार्य करती है। इस पौधे के नियमित और उचित उपयोग से शरीर को बिना किसी साइड इफेक्ट के कई रोगों से आराम मिल सकता है। आइए, इसके लाभों को विस्तार से समझते हैं।
मूत्र संबंधी समस्याओं में रामबाण
लाजवंती की जड़ें मूत्रवर्धक गुणों से भरपूर होती हैं। इनकी काढ़ा बनाकर सेवन करने से ब्लैडर की सफाई होती है और पेशाब के रास्ते विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं। इससे UTI (मूत्र मार्ग संक्रमण) जैसी समस्याओं से भी बचाव होता है।
लाजवंती के पत्ते और जड़ दोनों घाव भरने में बेहद फायदेमंद हैं। यह पहले घाव के दर्द को कम करती है और फिर त्वचा को साफ करके उसकी हीलिंग प्रक्रिया को तेज करती है। इसे लेप या घाव की धुलाई के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
लाजवंती की जड़ों से निकाला गया अर्क मानसिक शांति देने वाला होता है। इसके नियमित सेवन से नींद में सुधार आता है, तनाव कम होता है और अवसाद से उबरने में मदद मिलती है। आयुर्वेद में इसे एक नैचुरल एंटीडिप्रेसेंट माना गया है।
लाजवंती में मौजूद एनाल्जेसिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सूजन और जोड़ों के दर्द को कम करते हैं। खासकर गठिया से पीड़ित लोगों के लिए यह एक प्राकृतिक विकल्प बन सकता है। इसे आयुर्वेदिक चिकित्सक की सलाह से प्रयोग में लाना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।