अप्रैल का महीना आते ही बाजारों में कच्चे आम की भरमार देखने को मिलती है। जब तक पके हुए रसीले आम नहीं आते, तब तक लोग कच्चे आम यानी कच्ची कैरी से ही स्वाद और सेहत का मजा लेते हैं। तेज आंधी, बारिश या ओलावृष्टि के बाद पेड़ों से गिरे ये खट्टे-कच्चे आम न केवल खाने में स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि कई स्वास्थ्य लाभ भी देते हैं। कच्चे आम से आम पन्ना, लौंजी और चटनी जैसी पारंपरिक रेसिपी बनाई जाती हैं, जो गर्मी में शरीर को ठंडक देती हैं और लू से भी बचाती हैं।
