गर्मियों में जब शरीर को पानी की सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है, तब वॉटर एप्पल यानी जावा एप्पल एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरता है। ये हल्का गुलाबी या लाल रंग का रसदार फल न सिर्फ स्वाद में अनोखा होता है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बेहद फायदेमंद है। इसमें पानी भरपूर मात्रा में होता है, जो शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाता है। यही नहीं, वॉटर एप्पल डायबिटीज के मरीजों के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है क्योंकि ये ब्लड शुगर लेवल को संतुलित बनाए रखने में मदद कर सकता है।
इसमें मौजूद फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और मिनरल्स न सिर्फ पाचन को दुरुस्त रखते हैं, बल्कि दिल की सेहत और वजन को भी नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। खास बात ये है कि इसे सलाद, जूस या ऐसे ही फल की तरह आसानी से खाया जा सकता है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान
अगर आप शुगर के मरीज हैं, तो वॉटर एप्पल आपके लिए किसी औषधि से कम नहीं है। इसमें मौजूद एंटीहाइपरग्लाइसेमिक गुण ब्लड शुगर लेवल को कम करने में मदद करते हैं। इसमें पाए जाने वाले बायोएक्टिव कंपाउंड 'जंबोसिन' का काम होता है स्टार्च को शुगर में बदलने से रोकना। जिससे शुगर लेवल स्थिर बना रहता है।
वॉटर एप्पल कच्चे रूप में हरे रंग का और पकने के बाद गुलाबी या हल्का लाल रंग का हो जाता है। इसका स्वाद हल्का मीठा और बहुत रिफ्रेशिंग होता है, जिसे खाने के बाद न सिर्फ स्वाद बढ़ता है बल्कि सेहत भी सुधरती है। इसके कई प्रकार होते हैं और इनका आकार और रंग अलग-अलग हो सकता है।
वॉटर एप्पल में अच्छी मात्रा में पोटेशियम पाया जाता है, जो दिल की सेहत के लिए जरूरी होता है। यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है और हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए रखता है। जो लोग हाई ब्लड प्रेशर से परेशान हैं, उनके लिए यह फल बेहद फायदेमंद हो सकता है।
अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, तो वॉटर एप्पल को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। इससे बार-बार खाने की क्रेविंग कम हो जाती है और आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं। इसके अलावा, यह कैलोरी में भी बहुत हल्का होता है।
वॉटर एप्पल को आप कच्चा खा सकते हैं या फिर इसे सलाद में शामिल कर सकते हैं। इसका जूस भी तैयार किया जा सकता है। गर्मियों में यह शरीर को ठंडक देता है और साथ ही कई बीमारियों से भी बचाता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।