कश्मीर के पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में अपने पति मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल की मौत के दो साल बाद, नितिका कौल शनिवार को भारतीय सेना में शामिल हो गईं। तमिलनाडु के चेन्नई में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में एक समारोह के दौरान सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी ने कौल के कंधों पर तारे सजाए।
PRO उधमपुर ने इसका एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, "2019 में पुलवामा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को मरणोपरांत शौर्य चक्र SC(P) से सम्मानित किया गया। आज उनकी पत्नी नितिका कौल ने भारतीय सेना की वर्दी पहनी है। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके लिए एक गर्व का क्षण है, लेफ्टिनेंट जनरल वाई के जोशी ने खुद उनके कंधों पर सितारे सजाए!"
Lt Nitika Kaul gives befitting tribute to her husband #MajVibhutiShankarDhoundiyal, SC(P) who made supreme sacrifice at #Pulwama 2019; As she dons the Olive Green #IndianArmy uniform. A proud moment as #LtGenYKJoshi, #ArmyCdrNC pips the stars on shoulders & welcomes her to #AOC pic.twitter.com/Hg9NQlJtjT
— NorthernComd.IA (@NorthernComd_IA) May 29, 2021
कौल, जो कश्मीर से हैं, ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) परीक्षा के साथ-साथ 2020 में इंटरव्यू भी पास किया और कहा कि ये उनके अधिकारी पति को "वास्तविक श्रद्धांजलि" देने और उनको अपने करीब महसूस करने का उनका तरीका था।
कौल के सेना में शामिल होने के कदम की कई लोगों ने प्रशंसा की, जिन्होंने इसे अपने दिवंगत पति के लिए एक उचित श्रद्धांजलि और "वास्तव में प्रेरणादायक कहानी" बताया।
कौल ने सेना में शामिल होने के अपने फैसले के बारे में बताते हुए कहा, "बड़े नुकसान से उबरने के लिए मैंने अपना समय लिया और शॉर्ट सर्विस कमीशन की परीक्षा में बैठने का फैसला धीरे-धीरे हुआ। पिछले साल सितंबर में ही फॉर्म भरना एक बड़ा फैसला था, लेकिन मैंने तय कर लिया था कि मैं भी अपने पति की तरह उसी रास्ते पर चलना चाहती हूं।"
मेजर ढौंडियाल की शहादत वाली मुठभेड़ उस स्थान से लगभग 15 किलोमीटिर दूर हुई, जहां 14 फरवरी, 2019 को JeM के आदिल अहमद डार के काफिले पर आत्मघाती हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 40 जवानों की जान गई थी।
मेजर ढौंडियाल को राष्ट्र के लिए उनके बलिदान के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। उनकी शादी अप्रैल 2019 में हुई थी और मेजर ढौंडियाल ने अपनी पहली शादी की सालगिरह घर पर मनाने का प्लान बनाया था।
मेजर ढौंडियाल की मृत्यु के पंद्रह दिन बाद, कौल ने अपनी नौकरी फिर से शुरू की और कहा कि वह फिर से अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं। कौल ने कहा कि पति की मृत्यु के बाद सामान्य जीवन में वापस आना आसान नहीं था। उन्होंने कहा था कि "मैंने खुद को काम में डुबा लिए, उम्मीद है कि दर्द कम हो जाएगा ..."
उन्होंने कहा, "मैं अपने पति की मृत्यु के लगभग 15 दिन बाद काम पर वापस चली गई, क्योंकि मैं खुद को व्यस्त रखना चाहती थी। टूटना स्वाभाविक है, लेकिन हमें स्थिति को स्वीकार करने की जरूरत है। मुझे अपनी दिनचर्या में पॉजिटिविटी ढूंढनी थी और एक बार फिर अपने पैरों पर खड़ा होना था।"
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।