
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक 90 साल की बुजुर्ग दादी मारुति 800 कार चलाती हुई दिख रही हैं। वीडियो में दिख रहा है कि दादी एक हाईवे पर कार चला रही हैं और उनके बगल में एक शख्स बैठा हुआ है। दादी एक मंझे हुए ड्राइवर की तरह कार को चला रही हैं। सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ लोग दादी के जज्बे को सलाम करने लगे।
90 साल की उम्र में कार चलाने वाली बुजुर्ग महिला का नाम रेशम बाई तंवर (Resham Bai Tanwar) है और वह मध्य प्रदेश के देवास जिले में स्थित बिलावली इलाके की रहने वाली हैं। रेशम बाई तंवर कार चलाकर बुजुर्ग लोगों को इस उम्र में भी गाड़ी चलाने का संदेश दे रही हैं।
तंवर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि मेरी उम्र 90 साल है। मुझे गाड़ी चलाना बहुत अच्छा लगता है। मैंने बहुत बार गाड़ी चलाई है। मैंने पहले ट्रैक्टर भी चलाया है। सोशल मीडिया पर दादी का वीडियो देखकर हर कोई उनके जज्बे को सलाम कर रहा है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने भी दादी का वीडियो को शेयर करते हुए कहा कि यही जीने का जज्बा है। सीएम ने ट्वीट कर कहा कि दादी मां ने हम सभी को प्रेरणा दी है कि अपनी अभिरुचि पूरी करने में उम्र का कोई बंधन नहीं होता है। उम्र चाहे कितनी भी हो, जीवन जीने का जज़्बा होना चाहिए!
दादी मां ने कार चलाते वक्त अपने सिर पर पल्लू भी डाला हुआ है और दिलचस्प बात यह है कि उनकी आंखों पर चश्मा भी नहीं दिख रहा है। ग्रामीण परिवेश से आने वाली दादी को कार चलाते देख सड़क पर चल रहे अन्य यात्री भी हैरान रह गए।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।