Aaj ka mausam: देश के ज्यादातर इलाकों में झमाझम बारिश जारी है। पहाड़ी इलाकों में बारिश कहर बढ़ता जा रहा है। इससे नदियों का जल स्तर तेजी से बढ़ा है। मौसम विभाग (India Meteorological Department - IMD) ने उत्तराखंड के ज्यादातर जिलों में 11-14 अगस्त तक 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, 12-14 अगस्त के दौरान उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं बिहार, सिक्कम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बिहार, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो अभी बारिश का ये दौर जारी रहने वाला है। अभी एक हफ्ते तक देश के ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से नदियों का जल स्तर बढ़ा
हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी है। राज्य में 12 और 13 अगस्त के लिए येलो अलर्ट (yellow alert) जारी किया गया है। 17 अगस्त को भी बारिश का अनुमान जताया गया है। इससे लैंडनस्लाइड्स, अचानक बाढ़ नदियों का जल स्तर बढ़ने की चेतावनी दी गई है। वैसे भी राज्य में लैंडस्लाइड की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खास कर कालका शिमला हाईवे पर चट्टान गिरने की वजह से रास्ता बार-बार बंद होता रहा है। बिहार में भी पिछले 2-3 दिनों से बरसात हो रही है। लेकिन नेपाल से छोड़े गए पानी की वजह से उत्तर बिहार की सारी नदियां उफान पर हैं। कोसी नदी का कहर बढ़ता जा रहा है। अब तक कई मकान इसकी चपेट में आ चुके हैं।
असम में बाढ़ की स्थिति से हालात बेहद खराब हो गए हैं। राज्य के 6 जिले बाढ़ का सामना कर रहे हैं। इससे 27000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। धेमाजी जिले में 19,163 लोग, डिब्रूगढ़ में 5,666 लोग प्रभावित हुए हैं। धेमाजी, डिब्रूगढ़, दरांग, जोरहाट, गोलाघाट और शिवसागर जिलों के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
नई दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग का कहना है कि नई दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। आज दिन में तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कल यानी 14 अगस्त से शहर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, लखनऊ में आज गरज के साथ एक या दो बार बारिश हो सकती है। गाजियाबाद की बात करें तो आज यहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं गाजियाबाद में आसमान में बादल छाए रहेंगे।