Independence Day 2023: 'स्वच्छ भारत' अभियान से लेकर 'अमृत महोत्सव' तक, पिछले 9 साल में पीएम मोदी ने की ये बड़ी घोषणाएं
Independence Day 2023: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को हर साल प्रधानमंत्री दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने लाल किले स्मारक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और राष्ट्र को संबोधित करते हैं। साल 2014 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी स्वतंत्रता दिवस के भाषणों में सरकार की उपलब्धियों के बारे में देशवासियों को जानकारी देते हैं और भविष्य की योजनाओं का ऐलान करते हैं। 2024 को देखते हुए इस साल बड़ी घोषणाएं होने की उम्मीद है
Independence Day 2023: देश भर में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने के लिए कार्यक्रमों की तैयारी शुरू हो गई है
Independence Day 2023: देश भर में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने के लिए कार्यक्रमों की तैयारी शुरू हो गई है। 15 अगस्त को हर साल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय प्रधानमंत्री दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने लाल किले स्मारक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और राष्ट्र को संबोधित करते हैं। साल 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) स्वतंत्रता दिवस के भाषणों में सरकार की उपलब्धियों के बारे में देशवासियों को जानकारी देते हैं और भविष्य की योजनाओं का ऐलान करते हैं। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस साल के पीएम मोदी के भाषण में कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं शामिल हो सकती हैं। आज हम स्वतंत्रता दिवस के दौरान पीएम मोदी की बड़ी घोषणाओं पर एक नजर डालते हैं...
2014: स्वच्छ भारत अभियान और मेक इन इंडिया (Swachh Bharat Abhiyan and Make in India)
2014 प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का पहला स्वतंत्रता दिवस भाषण था। भाषण के दौरान उन्होंने खुद को "प्रधान सेवक (Pradhan Sevak)" के रूप में पेश किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता के लिए 'स्वच्छ भारत अभियान (Swachh Bharat Abhiyan)' और आत्मनिर्भरता के लिए "मेक इन इंडिया (Make in India)" पहल की शुरुआत की।
2015: स्टार्ट अप इंडिया-स्टैंड अप इंडिया की शुरूआत (Start Up India, Stand Up India)
पीएम मोदी के दूसरे स्वतंत्रता दिवस भाषण में बड़ी घोषणाएं गायब थीं। उन्होंने 'वन रैंक वन पेंशन (One Rank One Pension)' की सैद्धांतिक मंजूरी सहित सरकार की उपलब्धियों और वादों पर प्रकाश डाला। यह संबोधन 'जन धन योजना' की प्रगति, काले धन और भ्रष्टाचार पर रोक पर केंद्रित था। हालांकि उन्होंने इस साल "स्टार्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया (Start Up India, Stand Up India)" की जोरदार वकालत की।
2016: कश्मीर और पाकिस्तान (Kashmir and Pakistan)
पीएम मोदी द्वारा इस साल भी कोई बड़ी घोषणा नहीं की गई। अपने तीसरे स्वतंत्रता दिवस भाषण में पीएम मोदी ने बलूचिस्तान में मानवाधिकारों के हनन की कड़ी निंदा की थी। इसे पाकिस्तान के कश्मीर पर ध्यान केंद्रित करने की प्रतिक्रिया के रूप में देखा गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर पर पाकिस्तान के रुख और बुरहान वानी जैसे आतंकवादियों के महिमामंडन की भी आलोचना की थी।
2017: भारत छोड़ो आंदोलन के 75 साल पूरे (75 years of Quit India Movement)
साल 2017 के स्वतंत्रता दिवस भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल देश में 'भारत छोड़ो' आंदोलन के 75 साल और 'चंपारण सत्याग्रह' की 100वीं वर्षगांठ है। भारतीयों को 'नया भारत' बनाने के लिए दृढ़ संकल्प होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा, "भारत ने 1942 से 1947 तक अपनी सामूहिक ताकत देखी। इसी तरह, अगले पांच साल 2017 से 2022 तक देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं।"
2018: आयुष्मान भारत (Ayushman Bharat)
साल 2018 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत (Ayushman Bharat) या राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (National Health Protection Scheme) की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'आयुष्मान भारत योजना' से 10 करोड़ परिवारों या 50 करोड़ भारतीयों को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा था, "प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान (आयुष्मान भारत योजना) इस साल 25 सितंबर (दीनदयाल उपाध्याय की जयंती) पर शुरू की जाएगी। अब समय आ गया है कि हम यह सुनिश्चित करें कि भारत के गरीबों को अच्छी गुणवत्ता और किफायती स्वास्थ्य सेवा मिल सके।"
2019: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का ऐलान (Chief of Defence Staff)
15 अगस्त 2019 को एक बड़ी घोषणा करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि 'चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (Chief of Defence Staff)' तीन सेनाओं (थल सेना, नौसेना और वायु सेना) का प्रमुख होगा। वह सशस्त्र बलों और प्रधानमंत्री के बीच संपर्क का एकमात्र माध्यम होगा। उन्होंने कहा, "हमारी सेनाएं भारत का गौरव हैं। सेनाओं के बीच समन्वय को और तेज करने के लिए मैं लाल किले से एक बड़े फैसले की घोषणा करना चाहता हूं। भारत में एक चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) होगा। यह सेनाओं को और भी अधिक प्रभावी बनाने जा रहा है।"
2020: 'मेक फॉर वर्ल्ड', 'वोकल फॉर लोकल' (Make for World-Vocal for Local)
74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने 'मेक इन इंडिया' की अपनी पसंदीदा पहल के साथ-साथ 'मेक फॉर वर्ल्ड (Make for World)' के मंत्र को सामने रखा। उन्होंने 'वोकल फॉर लोकल (Vocal for Local)' की अवधारणा को भी बढ़ावा दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, "आजाद भारत की मानसिकता 'वोकल फॉर लोकल' होनी चाहिए। हमें अपने स्थानीय उत्पादों की सराहना करनी चाहिए, अगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो हमारे उत्पादों को बेहतर करने का अवसर नहीं मिलेगा और उन्हें प्रोत्साहन नहीं मिलेगा।" बता दें कि 2020 वह साल है जब COVID-19 ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया था।
2021: 'आजादी का अमृत महोत्सव' मनाने की घोषणा (Amrit Mahotsav of independence for 75 weeks)
15 अगस्त 2021 को भारत की आजादी का 75वां वर्षगाड मनाया गया। इसके उपलक्ष्य में पीएम मोदी ने 75 सप्ताह तक 'आजादी का अमृत महोत्सव (Azadi Ka Amrit Mahotsav)' मनाने की घोषणा की। इसके अलावा राष्ट्रीय मास्टर प्लान गति शक्ति की घोषणा की गई। पीएम मोदी ने यह भी वादा किया कि उनकी सरकार 75 'वंदे भारत ट्रेनें' लाएगी जो देश के हर कोने को जोड़ेगी। इसके अलावा पीएम ने फोर्टिफाइड राइस योजना, लड़कियों के लिए सैनिक स्कूल और नेशनल हाइड्रोजन मिशन का भी ऐलान किया।
2022 में स्वतंत्रता के 76वें वर्ष पर पीएम मोदी ने 2047 तक स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने के लिए पांच प्रण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इसे उन्होंने 'पंच प्रण (Panch Pran’)' नाम दिया था। पीएम मोदी ने कहा था, "हमें पंच प्रण (संकल्प) पर काम करना चाहिए। 1. देश विकसित भारत जैसे बड़े लक्ष्य हासिल करेगा। 2. हमें उपनिवेशित मन की रत्ती भर भी पीड़ा नहीं होनी चाहिए। 3. हमें अपनी विरासत पर गर्व होना चाहिए। 4. एकता और एकीकृत का उद्देश्य. 5. देश के लिए काम करना नागरिकों का कर्तव्य है।''