Davos 2023: सीरम इंस्टीट्यूट के अदार पूनावाला बोले- चीन को दुनिया के दूसरे देशों को संक्रमित नहीं करना चाहिए

Adar Poonawalla ने एक बड़ा ऐलान करते हुए मनीकंट्रोल को बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer Vaccines) और मलेरिया (Malaria Vaccines) की वैक्सीन लॉन्च करने तैयारी कर रही है। पूनावाला ने कहा कि कंपनी बहुत जल्द सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ एक वैक्सीन Cervavac लॉन्च करने की योजना बना रही है

अपडेटेड Jan 18, 2023 पर 12:16 PM
पूनावाला ने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने चीन को बूस्टर डोज के लिए वैक्सीन की पेशकश की, लेकिन कोई रिस्‍पांस नहीं मिला

Adar Poonawalla On China Corona Case: चीन में कोरोना वायरस (Coronavirus in China) एक बार फिर कहर बरपाया हुआ है। इस बीच, देश की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के सीईओ अदार पूनावाला (Adar Poonawalla) ने कहा है कि चीन को दुनिया के दूसरे देशों को संक्रमित नहीं करना चाहिए। पूनावाला ने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने चीन को बूस्टर डोज के लिए वैक्सीन की पेशकश की, लेकिन चीनी अधिकारियों की ओर से बहुत कम रिस्‍पांस मिला। पूनावाला ने कहा है कि हम निजी और अन्‍य माध्‍यमों से उन तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अभी तक हमें पूरा रिस्‍पांस नहीं मिला है।

पूनावाला ने कहा कि मुझे लगता है कि वे फैसला कर रहे हैं कि किस तरफ जाना चाहिए। हमें उम्‍मीद है कि वे इस बारे में जल्‍द से जल्‍द कोई फैसला लेंगे। हमारी ओर से उनके (चीन के) लिए कोवोवैक्‍स का ऑफर इसलिए किया गया है, क्‍योंकि ओमीक्रोन और सब-वेरिएंट के खिलाफ इसने अच्‍छा काम किया है।

चीन से कोरोनावायरस संक्रमण के प्रसार के बारे में सटिक जानकारी नहीं मिलने बारे में पूछे जाने पर पूनावाला ने कहा कि देश अगले कुछ महीनों में मामलों में कमी देखेगा। उन्होंने कहा, "मैं इसके (चीन के) वैक्सीन और वैक्सीनेशन कार्यक्रमों पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन इसमें कुछ महीने लगेंगे और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"


सर्वाइकल कैंसर और मलेरिया का वैक्सीन लॉन्च करेगी CII

अदार पूनावाला (Adar Poonawalla) ने एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer Vaccines) और मलेरिया (Malaria Vaccines) की वैक्सीन लॉन्च करने तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत के बाद दोनों वैक्सीन को अफ्रीका में लॉन्च किया जाएगा। SII के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पूनावाला ने कहा कि कंपनी बहुत जल्द सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ एक वैक्सीन Cervavac लॉन्च करने की योजना बना रही है।

पूनावाला ने दावोस (Davos 2023) में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के वार्षिक शिखर सम्मेलन के मौके पर मनीकंट्रोल को बताया, "मलेरिया का वैक्सीन अफ्रीकी महाद्वीप के लिए है। हम कुछ वर्षों से ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के साथ काम कर रहे हैं और WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) को इसकी मंजूरी के लिए डेटा जमा कर रहे हैं। मलेरिया का वैक्सीन इस साल के अंत तक उपलब्ध हो जाएगा।"

सीरम के सीईओ ने भारत में प्रिकॉशन डोज की धीमी गति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बूस्टर शॉट लेना एक व्यक्तिगत पसंद है। उन्होंने कहा, “हमारा नया बूस्टर Covovax ओमीक्रोन के खिलाफ बहुत अच्छा वैक्सीन है। यह बूस्टर के रूप में उपलब्ध है। इसलिए, यह अब लोगों की पसंद है कि क्या वे वास्तव में इसे लगवाना चाहते हैं।”

ये भी पढ़ें- Davos 2023: चीन को कब तक पीछे छोड़ेगा भारत? Raghuram Rajan ने कही यह बात

बता दें कि ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने सोमवार को Covovax को हेट्रोलॉगस बूस्टर डोज के तौर पर मंजूरी दी। कोवोवैक्स को बूस्टर डोज के रूप में कोई भी लगवा सकता है। कोविशील्ड या कोवाक्सिन का डोज लगवाने वाले लोग भी इसे ले सकते हैं।

पूनावाला ने कहा कि कमजोर नागरिकों और यात्रा करने वालों या लोगों के बड़े ग्रुप के साथ बातचीत करने वालों को बूस्टर डोज लेने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन्फ्लूएंजा के वैक्सीन की तरह ही कोविड बूस्टर डोज एक वार्षिक डोज बन जाएगी। पूनावाला ने कहा कि भारत में वैक्सीन ने बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षा प्रदान की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।