Agnipath Scheme Protest: बिहार के इन जिलों में 19 जून तक इंटरनेट बंद, अग्निपथ के विरोध में हुई जमकर हिंसा

Agnipath Scheme Protest: सरकारी आदेश के मुताबिक, अधिकारियों को संदेह है कि सोशल नेटवर्किंग और इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जिलों में शांति भंग होने की संभावना है

अपडेटेड Jun 17, 2022 पर 9:15 PM
अग्निपथ विरोध प्रदर्शन के चलते बिहार के इन जिलों में 19 जून तक इंटरनेट बंद

Agnipath Scheme Protest: सेना में भर्ती की 'अग्निपथ' (Agnipath) योजना का सबसे ज्यादा विरोध और हिंसा बिहार (Bihar) में रही है। इसी के चलते राज्य सरकार ने 19 जून तक कैमर, भोजपुर, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर, नवादा, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, लखीसराय, बेगूसराय, वैशाली और सारण जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद (Internet Service Suspend) करने का फैसला किया है।

इसे लेकर बिहार सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव की तरफ से एक आदेश भी जारी किया गया है। इसके मुताबित, अधिकारियों को संदेह है कि सोशल नेटवर्किंग और इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जिलों में शांति भंग होने की संभावना है।

इसे देखते हुए सभी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स को संदेश के किसी भी तरह के मैसेज ट्रांसमिशन रोकने का निर्देश दिया गया है। ये फैसला तब लिया गया, जब प्रदर्शनकारियों ने बिहार के अलग-अलग जिलों में ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया।


बेगूसराय जिले में आक्रोशित युवक ने राजबारा गुमटी मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों के रेलवे ट्रैक पर बैठने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हाजीजपुर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

Agnipath Protest: हिंसक प्रदर्शनों के चलते हरियाणा में मोबाइल इंटरनेट और SMS सर्विस बंद

आंदोलन के दौरान भीड़ ने उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर भी हमला किया। PTI ने रेणु देवी के हवाले से कहा, "बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी विपक्षी दलों द्वारा उकसाए गए गुंडों की करतूत है। BJP नेताओं पर लक्षित हमले क्या बताते हैं? बेतिया में मेरे घर पर हमला किया गया। खिड़कियों के शीशे और अंदर खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। संजय जयसवाल के भाई के एक पेट्रोल पंप में भी तोड़फोड़ की गई।"

डिप्टी सीएम ने अफसोस जताया कि वह कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से बेतिया जाने की योजना बना रही थीं, लेकिन कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उन्हें दौरा टालना पड़ा।

बेतिया से सटे मोतिहारी में बीजेपी विधायक विनय बिहारी की कार पर पथराव किया गया। BJP नेताओं पर यह हमला पार्टी की विधायक अरुणा देवी के नवादा में पथराव की घटना में घायल होने के एक दिन बाद हुआ है, जहां उग्र भीड़ ने पार्टी कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।