असम में बाढ़ से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। 29 जिलों में 16.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य भर में बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एक अधिकारिक बुलेटिन में इस बात की जानकारी दी गई है। कामरूप (मेट्रो) जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं। बुधवार को राज्य में बाढ़ के पानी में डूबने से आठ लोगों की मौत हो गई। सोनितपुर जिले में दो जबकि मोरीगांव, डिब्रूगढ़, दरांग, गोलाघाट, बिस्वनाथ और तिनसुकिया जिले में एक-एक व्यक्ति की जान गई। अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है।
