Atal Setu Bridge Inauguration: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 12 जनवरी समुद्र पर बने देश के सबसे लंबे पुल का उद्घाटन करेंगे। इस पुल का नाम अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावाशेवा अटल सेतु (Mumbai Trans Harbour Link -MTHL) है। MTHL के खुलने से मुंबई से नवी मुंबई सिर्फ 20 मिनट में पहुंचना संभव होगा। 22 किमी लंबे ब्रिज में 16.5 किमी. हिस्सा पानी पर है और 5.5 किमी का एलिवेटेड रोड है। ब्रिज खुलने के बाद मुंबई से नवी मुंबई, नवी मुंबई एयरपोर्ट, मुंबई-पुणे एक्सप्रेस, मुंबई गोवा हाइवे तक बगैर ट्रैफिक में फंसे पहुंचना आसान हो जाएगा। देश का सबसे लंबा ब्रिज कई मायनों में बेहद खास है।
ब्रिज पर वाहनों को 100 किमी की स्पीड से गाड़ी दौड़ाने की अनुमति दी गई है। वाहनों की गति बनाए रखने के लिए देश में पहली बार ओपन रोड टोलिंग सिस्टम MTHL पर होगा। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर इसका नाम अटल सेतु रखा गया है। ये 6 लेन वाला रोड ब्रिज है।
MTHL को 10 देशों के एक्सपर्ट और 15,000 स्किल्ड वर्कर्स की मदद से तैयार किया गया है। अत्याधुनिक तकनीक से बना ब्रिज भूकंप के झटकों और समुद्र की तेज लहरों के बीच 100 वर्ष तक खड़े रहने में सक्षम है। निर्माण के दौरान पर्यावरण और समुद्री जीवों का भी खास तौर से खयाल रखा गया है। इस ब्रिज को तैयार करने में 17,840 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। MTHL के खुल जाने के बाद मुंबई, नवी मुंबई के बाद रायगढ़ जिले में तीसरी मुंबई तैयार करने की योजना सरकार ने बनाई है। इसके लिए MTHL तैयार करने वाली एजेंसी MMRDA को वहां की प्लानिंग अथॉरिटी नियुक्त किया गया है।
अटल सेतु से जुड़ी खास बातें
एक अधिकारी के मुताबिक, इस मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक पर कार, टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनीबस और टू-एक्सल बसों जैसे वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। उन्होंने कहा कि पुल की चढ़ाई और उतरने के वक्त गाड़ियों की गति सीमा 40 किमी प्रति घंटे तक सीमित रहेगी। मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक मुंबई की शिवड़ी से शुरू होता है और रायगढ़ जिले के उरण तालुका (तहसील) के न्हावा शेवा में समाप्त होता है।
इस पुल पर मोटर साइकिल, ऑटोरिक्शा और ट्रैक्टरों की आवाजाही पर पांबदी रहेगी। यानी मोटरसाइकिल, मोपेड, तिपहिया वाहन, ऑटो, ट्रैक्टर, जानवरों द्वारा खींचे जाने वाले वाहन और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को इस पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। अटल सेतु ब्रिज से मुंबई से नवी मुंबई का सफर पूरा करने वाले कार चालकों को 250 रुपये टोल पर खर्च करने होंगे। कैबिनेट की बैठक में एमटीएचएल की टोल की दरों को महाराष्ट्र सरकार की मंजूरी मिल गई है।